देश भर में जहां एक तरफ हिट एंड रन कानून को लेकर हंगामा बरपा है। वहीं, इसके चलते हो रही हड़ताल के दौरान पेट्रोल और दूसरे जरूरी सामान की किल्लत की खबरें भी देश के हर कोने से आ रही हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश के खंडवा जिले से राहत देने वाली खबर है। यहां जिला प्रशासन ने पेट्रोल सहित आवश्यक वस्तुओं का भरपूर स्टॉक रखा है।
हालांकि, सोमवार को देश भर से आ रही खबरों के बाद खंडवा में भी पेट्रोल पंपों पर भीड़ तो जरूर लग गई थी। लेकिन मंगलवार सुबह जिला प्रशासन ने स्थिति साफ करते हुए आमजन को आश्वस्त कर दिया की खंडवा में पेट्रोल और अन्य जरूरी सामानों की किल्लत जैसी कोई बात नहीं है। इसलिए यहां इन चीजों की जितनी जरूरत हो उतना ही लें, अनावश्यक स्टॉक न करें।
खंडवा जिले में हड़ताल के चलते सबसे अधिक प्रभावित होने वाली आवश्यक वस्तु पेट्रोल और डीजल की भरपूर व्यवस्था जिला प्रशासन ने पहले ही कर रखा है। यहां के सभी पेट्रोल पंपों पर निरंतर सप्लाई भी जारी है। जिले में लगभग 17 पेट्रोल और डीजल टैंकरों का काफिला इंदौर से जिला प्रशासन की सुरक्षा में खंडवा पहुंच चुका है। इसके बाद अब इनकी किल्लत जैसी कोई बात नहीं बची है। इसके साथ ही अन्य जरूरी आवश्यक वस्तुएं जिनमें किराना या अन्य खाद्य पदार्थ है, इनकी भी अभी भरपूर मात्रा जिले में मौजूद है, जिसके चलते जिला प्रशासन के अनुसार अभी जिले में किसी भी आवश्यक वस्तु की किल्लत जैसी स्थिति नहीं है।
खंडवा में नहीं है क्राइसिस जैसी स्थिति
जिला प्रशासन की तरफ से खंडवा एडीएम काशीराम बडोले ने बताया कि खंडवा जिले में कुल 95 पेट्रोल पंप हैं और लोगों में जो अफवाह थी की हड़ताल के चलते पेट्रोल नहीं आ पाएगा। इसी के चलते कल थोड़ी दिक्कत जरूर हुई थी। लेकिन आज शाम तक सब कुछ सामान्य हो जाएगा। रात से लेकर अब तक हमारे पास 17 टैंकर आ चुके हैं और जितनी भी अभी जरूरत है, उसके अनुरूप पुलिस सुरक्षा में टैंकर लाने की कार्रवाई की जा रही है। खंडवा जिले में क्राइसिस जैसी कोई स्थिति अभी नहीं है।