पुलिस की मौजूदगी मात्र से बदमाशों में खौफ और लोगों में सुरक्षा का एहसास होने लगता है। लेकिन कटनी जिले में ठीक इसके उलट मामला सामने आया है। कटनी में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वह पुलिस को निशाना बनाने से भी नहीं चूक रहे हैं। बेखौफ चोरों ने कटनी पुलिस लाइन में एक साथ पांच पुलिस कर्मियों के घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला और किसी को खबर नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र की झिझरी चौकी अंतर्गत पुलिस लाइन में सोमवार की बीती रात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने दो महिला टीआई सहित पांच घरों को निशाना बनाया। चोर एक साथ पांच पुलिसकर्मियों के घर में चोरों की वारदात कर रफूचक्कर हो गए। चोर सोने चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामग्री सहित मोटर साइकिल ले उड़े। चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि एक के बाद एक चार और घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने पुलिस लाइन में विकास कुमार प्रजापति, अजित सिंह, मधु पटेल, गौरव गिरी और सतीश के घर में चोरी की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया ने बताया कि पुलिस लाइन में रात्रि में दो से तीन बजे के बीच लगभग पांच घरों में चोरी हुई है, जिसमें एक बाइक जेवरात और पैसे वगैरा चोरी गए हैं। इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। चोरों ने जिन घरों को निशाना बनाया है, उनमें दो महिला टीआई के घर हैं, जो बाहर जिले में पदस्थ हैं। उन्होंने अपना सामान यहां पर रखा हुआ है। इसके अलावा कुछ लोग बाहर थे, उनके घरों में चोरी हुई है।