बिजली बंद पर कांग्रेस का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
कटनी जिले में लंबे वक्त से बिजली कटौती की शिकायते बढ़ गई है, जिसकी प्रतिदिन सैकड़ों शिकायत आमजन द्वारा की जा रही है। बावजूद इसके बिजली विभाग अपनी कुंभकरणीय नींद में सोई हुई है, जिसे युवा कांग्रेस ने बड़ा मुद्दा बनाते हुए उसे हाथों हाथ ले लिया है।
शहर के समाज सेवी, आमजन के साथ युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दिव्यांशु उर्फ अंशु मिश्रा अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ गणेश चौक स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते दिखे। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपते हुए बिजली संबंधित समस्या का निराकरण करने की बात कही है।
युवा कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा ने बताया कि प्रचंड गर्मी के बीच कटनी विद्युत विभाग दिन-रात बिजली कटौती, ट्रिपिंग कर रही है। आम जनता हो रही दिक्कतें शायद जिले के चारों विधायक और प्रदेश के मुख्यमंत्री को नहीं दिख रही, जिन्हें जनता ने वोट देकर सत्ता में बैठाया है। भाजपा नेता ने लोगो सस्ती और 24 घंटे बिजली का वादा किया था, जो झूठा निकला। लेकिन इन जनप्रतिनिधियों का अब जनता का बिजली समस्या से कोई सरोकार नहीं रहा। क्योंकि वो एसी के बंद कमरों में बैठते है।
इसलिए आज हम कांग्रेस के लोग जनता के साथ बिजली कटौती के विरोध में गणेश चौक में पहुंचे है और विद्युत विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम ज्ञापन सहित लालटेन भेंट की है। अंशु मिश्रा ने कहा कि यदि बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो कांग्रेस जनता के साथ सड़कों में उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।