झाबुआ जिले के खयडूछोटी गांव निवासी एक व्यक्ति के दिनदहाड़े अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़ित की पत्नी ने एडिशनल एसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया को आवेदन सौंपकर अपने पति की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, खयडूछोटी निवासी भल्लू (पति भूरीबाई) 17 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे ग्राम पारा दवाई लेने गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से उनका जबरन अपहरण कर लिया। पीड़िता भूरीबाई का आरोप है कि दितीया पिता रालू सिंगाड़, कमलेश, कैलाश, भमरू और ठाकुर (सभी निवासी खयडूछोटी) ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि अपहरण के लिए वाहन क्रमांक GJ 01 KM 2987 का उपयोग किया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
भूरीबाई का कहना है कि अपहरण की पूरी घटना ग्राम पारा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। उनका आरोप है कि साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। पीड़िता ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल झाबुआ थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा उनके पति भल्लू को सकुशल बरामद करने की मांग की है।
पढ़ें: ग्वालियर में सनसनी: पुरानी रंजिश के दौरान हुई फायरिंग, तड़तड़ाहट से गांव में हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी
जमीन विवाद से जोड़ रहे ग्रामीण
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ ने ग्रामीणों के साथ बताया कि गांव में आरोपियों और ग्रामीणों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि 14 जुलाई को भी पुलिस को शिकायत दी गई थी। यदि उस समय प्रभावी कार्रवाई की जाती तो आरोपियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित का आरोपियों से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। वह केवल गांव के अन्य लोगों के साथ जुड़े होने के कारण इस घटना का शिकार हुआ है।
पुलिस का पक्ष
इस मामले में एडिशनल एसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया ने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए एसडीओपी को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी व स्थानीय सूत्रों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।