भोंपू बजाने वालों को पुलिस ने सिखाया सबक
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के जबलपुर में दशहरे पर भोंपू बजाकर शोर मचा रहे युवाओं का पुलिस ने अनूठे अंदाज में भूत उतारा। इस भोंपू को कुछ लोग पुंगी भी कहते हैं। हां, वहीं भोंपू जिसका शोर अक्सर क्रिकेट स्टेडियम में सुनाई देता है। शरारती तत्वों ने इसे हथियार बना लिया और लोगों को परेशान करने लगे। जब शिकायतें बढ़ गई तो जबलपुर की पुलिस ने ऐसे शोर मचा रहे युवाओं की टोली को अनूठे अंदाज में सजा दी।
दशहरे पर जबलपुर में सभी प्रमुख सड़कों पर भीड़ थी। पैर रखने तक की जगह नहीं थी। ऐसे में बच्चों के भोंपू खरीदकर कुछ युवाओं ने सड़क पर ही जोर-जोर से उन्हें बजाना शुरू कर दिया। लोगों के पास से गुजरते हुए वे जोर-जोर से भोंपू बजाने लगे। उनकी शरारत ने कई लोगों को परेशान किया। इन भोंपू की आवाज जब पुलिस के कानों पर पड़ी तो वह भी सक्रिय हो गई।
पुलिस ने युवाओं को पकड़ा और उन्हें एक-दूसरे के कान में भोंपू बजाने की सजा दे दी। कुछ युवक आपस में दोस्त थे तो कुछ रिश्तेदार। पुलिस ने धरपकड़ शुरू की तो कई चौराहों पर ऐसे युवाओं को पकड़ा। पहले तो एक-दूसरे के कान में तेज आवाज में भोंपू बजवाया। फिर भीड़ के सामने उठक-बैठक भी लगवाई। युवा गिड़गिड़ाते रहे- सर एक बार में माफ कर दीजिए, दोबारा ऐसा नहीं करेंगे। पब्लिक प्लेस पर कोई शोर नहीं करेंगे। पुलिस ने अपनी सजा पूरी करने के बाद ही युवाओं को छोड़ा।