मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के तिलवारा थाना अंतर्गत ग्राम परासिया में अज्ञात हमलावर ने एक किसान की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद हत्यारा मृतक की गर्दन अपने साथ ले गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांंव में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस हत्या का प्रकरण दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम परासिया निवासी 60 वर्षीय गयाप्रसाद खुशराम खेती किसानी करते थे। वह खेत की रखवाली करने गए हुए थे। सोमवार दोपहर अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से गयाप्रसाद की गला रेतकर हत्या कर दी। जब ग्रामीणों ने वृद्ध का शव देखा तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया। किसान की हत्या किसने और किन कारणों के चलते की है, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ग्रामीणों एवं परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
घटना की जानकारी लगते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा है।
मामले की जांच जारी: थाना प्रभारी
तिलवारा के थाना प्रभारी राहुल सैयाम ने बताया कि वृद्ध की हत्या करने के बाद आरोपी मृतक की मुंडी अपने साथ ले गए है। हत्या किसने की है, यह पता नहीं चल पाया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।