जबलपुर में संजीवनी नगर पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला तथा दो युवकों को 80 लाख एक हजार रुपये नकदी के साथ पकड़ा है। पुलिस ने नकद रकम जब्त किए जाने के संबंध में आयकर विभाग को सूचित किया। आयकर विभाग द्वारा प्रकरण को विवेचना में लिया गया है।
संजीवनी नगर थाना प्रभारी रमेश नर्रे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कार क्रमांक एमपी-20 सीसी-3640 में बड़ी मात्रा में नकदी लेकर कुछ लोग जा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार रात को बाइपास पेट्रोल पंप के पास कार को रोककर कार में अंबिकापुर निवासी अंजू सिन्हा उम्र 65 साल, जबलपुर गढ़ा निवासी शशांक खरे उम्र 30 साल तथा डायवर फैजान उम्र 21 साल मिले।
कार में सवार महिला स्वीकार किया कि उसके पास नकदी रखी हुई है। महिला ने बैग की चाबी देने से इंकार कर दिया, जिसके बाद सभी को थाने लाया गया और पंचनामा कार्रवाई के बाद बैग को खोला गया तो उसके 80 लाख एक हजार रुपये नकद मिले। महिला ने प्रारंभिक पूछताछ के दौरान बताया कि उसने अपनी पुश्तैनी जमीन का विक्रय किया है, जिसके एवज में उक्त रकम मिली है। वह जबलपुर में जमीन खरीदने रकम लेकर आई थी। आयकर विभाग को सूचित कर रकम उनके हवाले कर दी गई है। आयकर विभाग द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।