मेट्रिमोनियल साइट पर खुद को हिंदू नाम से पेश करने वाले एक मुस्लिम युवक ने धोखे से एक युवती को अपनी दोस्ती में फंसाकर दुराचार की घटना को अंजाम दिया। आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सीएसपी कोतवाली रितेष शिव से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान निवासी मोहम्मद हुसैन ने मेट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल में खुद का नाम राहुल बताया था। उसी साइट पर एक युवती ने भी अपनी प्रोफाइल बनाई थी। दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और डेढ़ साल से उनकी दोस्ती हो गई। इस दौरान युवक ने युवती से मिलने का मौका लिया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार किया।
जब युवती ने आरोपी का आधार कार्ड देखा, तब उसे पता चला कि युवक का असली नाम मोहम्मद हुसैन था, और उसने अपनी पहचान छिपाकर उसे धोखा दिया था। इसके बाद युवती ने लार्डगंज थाने में जाकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीएसपी रितेष शिव ने बताया कि, "आधार कार्ड में मोहम्मद हुसैन नाम होने के बावजूद मेट्रिमोनियल साइट पर 'राहुल' नाम से रजिस्ट्रेशन कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। यह संभव है कि आरोपी ने आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा किया हो या फिर साइट की ओर से कोई तकनीकी गलती हुई हो। इस संबंध में मेट्रिमोनियल साइट के प्रबंधन को नोटिस जारी किया जाएगा और दस्तावेज मांगे जाएंगे। इन दस्तावेजों की जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
पुलिस अब इस मामले की पूरी जांच कर रही है और जल्द ही इस संबंध में और जानकारी प्राप्त होगी।