इंदौर में भाजपा ने शनिवार को बची हुई तीन सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इसमें विधानसभा तीन पर भाजपा ने गोलू शुक्ला को उतारा है। गोलू शुक्ला का मुकाबला यहां कांग्रेस के पिंटू जोशी से है। पिंटू जोशी मध्यप्रदेश की राजनीति के कद्दावर कांग्रेसी नेता महेश जोशी के पुत्र हैं और गोलू शुक्ला भी मध्यप्रदेश की राजनीति में बड़ा कद रखने वाले विष्णु प्रसाद शुक्ला के परिवार से आते हैं। वे उनके छोटे भाई के बेटे हैं। वहीं विष्णु प्रसाद शुक्ला के पुत्र संजय शुक्ला भी एक नंबर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। वे इस सीट से वर्तमान में विधायक भी हैं।
धार्मिक आयोजनों ने गोलू को लोकप्रिय बनाया
गोलू शुक्ला और पिंटू जोशी दोनों ही नेताओं को पहली बार विधानसभा चुनाव का टिकट मिला है। गोलू शुक्ला को हाल ही में भाजपा ने आईडीए में उपाध्यक्ष बनाया था और वे भारतीय जनता युवा मोर्चा में लंबे समय तक रहे हैं। वे धार्मिक आयोजनों के लिए खासे लोकप्रिय हैं और कांवड़ यात्रा से लेकर भंडारे, भजन संध्या और अन्य आयोजन करवाते रहते हैं। उनसे बड़ी संख्या में युवा जुड़े हुए हैं।
छात्र राजनीति से पिंटू ने पहचान बनाई
पिंटू जोशी भी यूथ कांग्रेस में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे हैं और लगभग 20 साल से वे युवाओं के साथ राजनीति में सक्रिय हैं। पिता महेश जोशी के कांग्रेस में बड़े नेता होने के बावजूद वे छात्र राजनीति में जमीनी स्तर पर सक्रिय रहे और टिकट के लिए लंबे समय तक इंतजार किया। इंदौर के कालेजों में उनकी बड़ी टीम है और वे अपने व्यवहार और कार्यशैली के लिए खासे लोकप्रिय रहते हैं।
दोनों पार्टियों ने ब्राह्मण परिवारों के बेटों को उतारा
दोनों ही पार्टियों ने इस सीट से ब्राह्म्ण परिवारों के बेटों को टिकट दिया है। महेश जोशी और विष्णु प्रसाद शुक्ला दोनों ही परिवारों का इंदौर के ब्राहम्ण समाज में खासा वर्चस्व है। पिंटू और गोलू भी सामाजिक कार्यक्रमों में खासे सक्रिय रहते हैं। इस वजह से भी इस सीट का मुकाबला रोमांचक हो गया है। यहां पर बड़ी संख्या में ब्राहम्ण वोटर रहते हैं।
इंदौर 3 में पिछले पांच चुनाव में कौन कब जीता
साल जीते हारे जीत का अंतर
1998 अश्विन जोशी, कांग्रेस गोपीकृष्ण नीमा, भाजपा 3130
2003 अश्विन जोशी, कांग्रेस राजेंद्र शुक्ला, भाजपा 4962
2008 अश्विन जोशी, कांग्रेस गोपीकृष्ण नीमा, भाजपा 402
2013 उषा ठाकुर, भाजपा अश्विन जोशी, कांग्रेस 13318
2018 आकाश विजयवर्गीय, भाजपा अश्विन जोशी, कांग्रेस 5751