सार
महाशिवरात्रि पर खजराना मंदिर परिसर के महाकाल मंदिर में शिव महारूद्राभिषेक और आरती होगी। महाकाल को 51 क्विंटल साबुदाना खिचडी तथा 51 लीटर खीर का प्रसाद चढाया जाएगा। यह व्यवस्था भक्तगण, दानदाताओं, समाजसेवियों एवं मंदिर प्रबंधन के माध्यम से की जाएगी।
खजराना मंदिर में भी बनेगा शिवरात्रि महोत्सव
- फोटो : SOCIAL MEDIA
महाशिवरात्रि पर इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भी पहली बार शिवजी को सेहरा बांधा जाएगा। केवड़ा को छोड़ अन्य फूलों से सेहरा तैयार हो रहा है। महाशिवरात्रि पर उज्जैन के महाकाल मंदिर में दुल्हा बने महाकाल को भी सेहरा अर्पित किया जाता है। इस पर खजराना परिसर के शिव मंदिर में शिवलिंग को भी सेहरा बांधने की शुरुआत हो रही है। परिसर में गणेश मंदिर के ठीक पीछे महाकाल मंदिर बना है।
महाशिवरात्रि की तैयारियों को लेकर खजराना प्रबंध समिति की बैठक हुई। जिसमें कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी , पुजारी अशोक भट्ट, प्रबंधक घनश्याम शुक्ला आदि मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि महाशिवरात्रि महोत्सव पर श्री गणेश व महाकाल मंदिर की फूलों एवं विद्युत से सजावट की जाएगी। इस वर्ष महाकाल मंदिर उज्जैन की तरह श्री गणपति मंदिर खजराना परिसर स्थित भगवान महाकाल को सेहरा अर्पित किया जायेगा।
महाशिवरात्रि पर खजराना मंदिर परिसर के महाकाल मंदिर में शिव महारूद्राभिषेक और आरती होगी। महाकाल को 51 क्विंटल साबुदाना खिचडी तथा 51 लीटर खीर का प्रसाद चढाया जाएगा। यह व्यवस्था भक्तगण, दानदाताओं, समाजसेवियों एवं मंदिर प्रबंधन के माध्यम से की जायेगी। प्रबंध समिति को उम्मीद है कि महाशिवरात्रि पर हजारों की संख्या में भक्त मंदिर में आएंगे। महाशिवरात्रि महोत्सव में यातायात की सुरक्षा सुचारू रूप से चलती रहे, इसके लिए खजराना थाने का पुलिस बल भी मंदिर के आसपास तैनात रहेगा। साथ ही खिचडी प्रसादी वितरण में साफ-सफाई एवं पेय जल की व्यवस्था हेतु खजराना क्षेत्र के झोनल अधिकारी को निर्देश दिये गये। कलेक्टर ने बैठक के बाद मंदिर परिसर का दौरा भी किया।
गेेंदेश्वर मंदिर में होगी तांडव आरती
परदेशीपुरा के गेंदेश्वर मंदिर में भी शिवरात्रि पर विशेष आयोजन होंगे। मंदिर को सजाया गया है। शाम को तांडव आरती भी होगी। जिसे मंदिर के पूजारी ही करेंगे। भगवान शिव का भी विशेष श्रृंगार होगा।