इंदौर में एक नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार को उसने उपचार दौरान एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। खाना खाने के बाद उसने आम खाए थे, जिसके बाद उसे बेचैनी हुई और उसे अस्पताल लाया गया।
राजेन्द्र नगर थाने के एएसआई राघवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि अर्चना (23) पति चेतन अटेरिया राजेंद्र नगर के बीजलपुर की रहने वाली है। सोमवार रात उसे यूनिक अस्पताल में तबियत बिगड़ने पर भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। करीब डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। पुलिस के मुताबिक मामला संदिग्ध है, जांच की जा रही है।
घर पर ही आने लगे थे चक्कर
ससुर बंशीलाल ने बताया कि अर्चना ने सोमवार को खाना खाने के बाद आम खाए। जिसके बाद उसे बेचैनी होने लगी। उसे नजदीक ही प्राइवेट डॉक्टर प्रदीप जोशी के पास ले गए। उन्होंने ट्रीटमेंट शुरू कर आधे घंटे रुकने के लिए कहा लेकिन अर्चना को घर पर चक्कर आने लगे। परिवार के लोगों ने उसे उपचार के लिए यूनीक अस्पताल में भर्ती कराया जहां रात में उसने दम तोड़ दिया। अर्चना के पति चेतन पेशे से किसान हैं और प्रॉपर्टी का काम भी करते हैं।