लिट चौक के दूसरे दिन फिल्म, देश की आंतरिक सुरक्षा और शहर के विकास सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में देश के पूर्व रॉ प्रमुख और इंदौर के पूर्व एसपी अनिल धस्माना ने कहा कि अब युद्ध पारंपरिक तरीके से नहीं लड़े जाते। आज लड़ाई केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि कई मोर्चों पर एक साथ संघर्ष होता है।
धस्माना ने युवाओं को सलाह दी कि वे अपने भीतर अहम और वहम न रखें। समय की कद्र करें। असफलता भी काम करने से मिलती है, जबकि जो काम नहीं करता, वह न सफल होता है और न ही असफल।
ये भी पढ़ें- Indore News: इंदौर में जुटे दिग्गज, मुख्यमंत्री मोहन यादव और सिंधिया ने बताया कैसे बनेगा भारत नंबर 1
पीओके भारत का हिस्सा : पूर्व सेना प्रमुख नरवणे
लिट चौक में पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी भी देशभक्त है और देश के बारे में सोचती है। उन्होंने कहा कि देश सेवा केवल सेना में जाकर ही नहीं, बल्कि किसी भी पेशे में रहकर की जा सकती है। हर व्यक्ति को यह सोचना चाहिए कि वह अपने काम से देश के हित में क्या कर सकता है। छोटे-छोटे कार्य भी देश सेवा का माध्यम बन सकते हैं। पूर्व जनरल नरवणे ने कहा कि पीओके भारत का हिस्सा है और इस संबंध में संसद में प्रस्ताव पारित हो चुका है। अक्तूबर 2022 में रक्षा मंत्री ने भी कहा था कि इसे मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि एक दिन पीओके भारत का हिस्सा जरूर बनेगा।