नेहरू स्टेडियम में परेशान होते रहे मतदान दल के कर्मचारी।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर में इस बार 73 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है। शाम को ईवीएम जमा करने गए मतदान दलों के कर्मचारियों को परेशान होना पड़ा। नेहरु स्टेडियम में व्यवस्था चरमरा गई। मतदान दल के कर्मचारियों से सामग्री लेने वाले ही नजर नहीं आ रहे थे। देर रात तक कर्मचारी परेशान रहे। हालांकि प्रशासन से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बार व्यवस्था बदली है स्टेडियम में। रात दो बजे तक ईवीएम जमा की जाएगी। इस बार बेहतर व्यवस्था की गई है, हालांकि थोड़ा समय जरूर लग रहा है।
बता दें कि इंदौर के नेहरू स्टेडियम में मतदान दल के कर्मचारियों को चुनाव के बाद ईवीएम सहित कई सामग्री जमा करानी थी। इसके लिए कई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन देर रात जब मतदान कर्मी नेहरू स्टेडियम पहुंचे तो उनसे सामग्री लेने वाले ही नदारद नजर आए। ईवीएम और मतदान सामग्री लेने वाले अधिकारी कर्मचारी गायब हो गए। कई पटवारी ड्यूटी से लापता थे। खासकर विधानसभा क्रमांक 3 में ड्यूटी पर गए अधिकारी-कर्मचारी ज्यादा परेशान होते रहे। कुछ समय इंतजार के बाद उनका सब्र भी जवाब देने लगा। कई अधिकारी-कर्मचारी नाराज होते नजर आए। अधिकारी जिम्मेदारों की तलाश में लगे रहे। बता दें कि 9 विधानसभा क्षेत्रों में 2561 मतदान केंद्र बनाए गए थे। हर केंद्र पर चार शासकीयकर्मियों की पोलिंग पार्टियां तैनात की गई थी। बताया जा रहा है कि रात 2 बजे तक ईवीएम लेने का काम चलेगा।