इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद कैलाश विजयवर्गीय
- फोटो : अमर उजाला
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य देश, प्रदेश, शहर और वार्ड का विकास तथा लोगों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। भीड़ जुटाने के लिए मनोरंजन या मिमिक्री का सहारा लेना राजनीति के मूल उद्देश्य से भटकना है। उन्होंने राहुल गांधी के हालिया कार्यक्रम का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर हुई कथित मिमिक्री की आलोचना की और राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की।
विकास कार्यों से जुड़े एक कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां का स्थान सर्वोच्च है और किसी भी मां का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास कार्यों के जरिए जनता से जुड़ने में विश्वास रखती है। पार्टी का ध्यान देश से लेकर प्रदेश, शहर, वार्ड और पोलिंग बूथ स्तर तक लोगों की समस्याओं के समाधान पर है।
बोले- पांच साल में विधानसभा क्षेत्र को समस्या-विहीन बनाने का लक्ष्य
विजयवर्गीय ने अपने विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले क्षेत्र में पेयजल सहित कई समस्याएं थीं। लोगों को कुओं से पानी भरना पड़ता था। कुएं सूखने के बाद बोरिंग कराए गए, लेकिन बाद में बोरिंग भी सूखने लगे। इसके बाद नर्मदा पाइपलाइन के जरिए पानी की व्यवस्था की गई। उन्होंने संजीवनी क्लीनिक के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में विधानसभा क्षेत्र को समस्या-विहीन बनाने का लक्ष्य है।
ये भी पढ़ें-
इंदौर: छात्रों की गूंज में कांग्रेस के पदाधिकारी स्टूडेंट बनकर आए मंच पर! भाजपा ने लगाए आरोप
छात्र राजनीति को लेकर कांग्रेस पर निशाना
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव का जिक्र करते हुए विजयवर्गीय ने कांग्रेस और वामपंथी संगठनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दों के नाम पर अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं और छात्र राजनीति में भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। चुनाव परिणामों का हवाला देते हुए उन्होंने कांग्रेस से आत्ममंथन करने की बात कही।
उन्होंने 'अंधभक्त' शब्द के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया और कहा कि देश को ऐसे युवाओं की जरूरत है, जिनमें देशभक्ति की भावना हो। इस दौरान उन्होंने वामपंथी विचारधारा और उससे जुड़े विवादित नारों का भी उल्लेख किया।
महिला पार्षद पर टिप्पणी चर्चा में
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद एक महिला पार्षद को लेकर विजयवर्गीय की टिप्पणी भी चर्चा में रही। मंच पर एक वरिष्ठ नेता के आगे खड़ी महिला पार्षद की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कथित तौर पर कहा कि वह उन्हें दिखाई नहीं दे रही थीं, क्योंकि वह "काफी चौड़ी हो चुकी हैं।" उनकी इस टिप्पणी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। विजयवर्गीय ने कार्यक्रम में दोहराया कि राजनीति का केंद्र विकास और जनसमस्याओं का समाधान होना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के कार्यक्रम में हुई कथित मिमिक्री की आलोचना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और मां के सम्मान से जोड़कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।