शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम ने मुहिम छेड़ रखी है। इसके अंतर्गत खजराना क्षेत्र में पांच हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में बना अवैध बंगला सोमवार को तोड़ दिया गया। इस बंगले के निर्माण के लिए न नक्शा मंजूर किया गया था और न ही निगम जोन पर सूचना दी गई थी। दो माह पहले इसे हटाने के लिए नोटिस जारी किया था, लेकिन अतिक्रमणकारियों ने न तो निर्माण हटाया और न ही निर्माण को रोका।
इसके बाद नगर निगम की टीम ने सोमवार को मौके पर पहुंच कर भवन मालिक को मकान खाली करने के लिए कहा, लेकिन निर्माणकर्ता ने विरोध शुरू कर दिया, लेकिन पुलिस बल मौजूद होने के कारण मकान तोड़ने का काम नहीं रुका। अफसरों ने दो घंटे में मकान के अवैध हिस्से को तोड़ दिया। अब अफसर अवैध निर्माण करने वाले से तोड़ने का शुल्क भी वसूलेंगे।
सड़क के लिए भी हटेंगे निर्माण
नगर निगम खजराना क्षेत्र में स्टार चौराहा से खजराना तक सड़क भी चौड़ी कर रहा है। इसका भूमिपूजन पिछले दिनों मेयर पुष्य मित्र भार्गव ने किया था। इस सड़क की चौड़ाई की जद में भी पचास से ज्यादा निर्माण आ रहे है। इसके लिए भी नोटिस जारी हो चुके है। जल्दी ही निर्माण तोड़े जाएंगे। खजराना क्षेत्र में रात के समय ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानदारों ने भी सड़क के बाहर अतिक्रमण कर रखा है।