जाकिर खान के होर्डिंंग शहर में लगे।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर के आरएनटी मार्ग के एक होटल में रोज शाम को सितार बजाने के लिए जाकिर खान जब दोस्तों के साथ बैठता था तो हमेशा कहता था यार कुछ बड़ा करना है। फिर उसने स्टैंडअप काॅमेडियन बनने का फैसला लिया और पीछे मुड़ कर नहीं देखा। सोमवार को जाकिर खान का शो न्यूयार्क के मेडिसन स्क्वेयर गार्डन में है। यह पहला मौका है जब देश का कोई कलाकार इस 20 हजार की क्षमता वाले हाॅल में शो कर रहा है। इसे लेकर जाकिर के इंदौरी दोस्त भी काफी खुश हैं।
वे रविवार शाम को 56 दुकान पर एक आयोजन कर रहे हैं, जहां बड़े कैनवास पर जाकिर के प्रशंसक उसे इस शो के लिए शुभकामनाएं लिखेंगे। इसके अलावा दोस्तों ने इस शो के लिए इंदौर में होर्डिंग भी लगाए हैं। जाकिर के पिता उस्ताद इस्माइल खान भी सितार वादक हैं। वे कहते हैं कि एक पिता के लिए इससे बड़ी खुशी की बात क्या हो सकती है कि उसका बेटा विदेश की धरती पर बड़ा शो करने जा रहा है। यह इंदौर के लिए भी फक्र की बात है।
शहरवासियों ने जाकिर को पलते, संघर्ष करते और आगे बढ़ते देखा है। वे बताते हैं कि जाकिर कुछ बड़ा करेगा। इसका एहसास बचपन से ही होने लगा था। उसे हर बात जानने की जिज्ञासा रहती है। पापा पंखा इतनी तेज कैसे घूमता है... रिमोट से टीवी कैसे चल जाता है, जैसे सवाल वह पूछता था। कई बार तो मैं सोता था तो वह मुझे उठाकर सवाल पूछने लगता था। हमारे परिवार में अंग्रेजी में बात करने का माहौल नहीं है, लेकिन जाकिर को दूसरी क्लास में ही अंग्रेजी बोलना आ गई थी।