इंदौर में थूकने के मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। घटना रविवार रात मेघदूत गार्डन के समीप की है। इस घटना में मृतक युवक के भाई और दोस्त भी घायल हुए हैं।
ये भी पढ़ें- इंदौर के मालवा मिल मार्ग के अधूरे ब्रिज से गिरा वाहन चालक, गंभीर चोट आई
25 वर्षीय लेखराज जाटव ढाबा संचालित करता था। वह अपने साझेदार और दोस्त बंटी और भाई शुभम के साथ ढाबा बंद कर घर लौट रहा था। मेघदूत उपवन के समीप पहुंचने पर तीन युवकों से उनका विवाद हुआ। तीनों बाइक से जा रहे थे और नशे में थे। एक युवक ने लेखराज के समीप थूक दिया। इस पर लेखराज ने आपत्ति जताई। बाइक सवार रुके और लेखराज से विवाद करने लगे। इसके बाद तीनों ने लेखराज की चाकू से हत्या कर दी, जबकि उसका बड़ा भाई शुभम और दोस्त बंटी घायल हो गए।
ये भी पढ़ें- हेलमेट पर जनता का गुस्सा शांत करेगी भाजपा, मुफ्त में बंटेंगे हजारों हेलमेट
इस मामले में पुलिस ने जगदीश सिसोदिया, पवन रजक और राज अहिरवार को गिरफ्तार किया है। झगड़े के दौरान आरोपियों ने चाकू से लेखराज के सीने पर गंभीर वार किए थे। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुभम और बंटी के हाथ-पैर में चोट आई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हत्या के बाद आरोपी बाइक छोड़कर भाग गए, लेकिन रजिस्ट्रेशन नंबर से पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। लेखराज ने तीन साल पहले लव मैरिज की थी और कुछ समय पहले ही उसकी बेटी की बीमारी से मौत हो गई थी।