अब जरा-जरा सी बात पर लोग अपना जीवन समाप्त कर रहे हैं। इस कारण लगातार आत्महत्या के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इंदौर के हीरानगर क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक शुभम ने सिर्फ इसलिए आत्महत्या कर ली, क्योंकि उसकी नानी ने बार-बार मांगने के बावजूद पांच हजार रुपये नहीं दिए थे। पुलिस ने मर्ग कायम जांच शुरू कर दी है।
हीरानगर पुलिस के अनुसार शुभम मंगलवार को ऑटो रिक्शा चलाने के बाद घर लौटा था। वह नानी के पास गया और पांच हजार रुपये मांगे। नानी ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इस बात से शुभम नाराज हो गया और अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक वह नहीं लौटा तो नानी ने उसके भाई को कमरे में भेजा। भाई कमरे में पहुंचा तो शुभम फांसी पर लटका था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त किया है, ताकि उसकी जांच से पता चल सके कि आत्महत्या की वजह नानी के पांच हजार रुपये नहीं देना है या कुछ और है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दो साल पहले शुभम का एक्सीडेंट हो गया था। इस कारण वह बेरोजगार हो गया था। क्लेम की राशि से उसने आटो रिक्शा खरीदा था और उसे चलाकर वह अपना जीवन यापन करता था।
नानी के घर रहता था
शुभम के माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका है। वह इंदौर में नानी और मामा के पास रहता था। उसने इंदौर में ही पढ़ाई की। परिजन उसकी शादी के लिए रिश्ते भी देख रहे थे।