पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत की वजह का खुलासा।
- फोटो : amarujala
इंदौर में जेठानी ने देवरानी की सब्जी काटने के चाकू से हत्याकांड की वारदात को अंजाम दिया और पानी के हौज में शव को फेंक दिया। वह राखी पर भाई के बारे में देवरानी द्वारा की गई टिप्पणी से नाराज थी और सहन नहीं कर पाई और देवरानी की हत्या कर दी। महिला का 25 दिन पहले ही प्रेम विवाह हुआ था।
इंदौर के राऊ क्षेत्र में एक महिला का शव हौज में मिला था। पुलिस को हत्या की आशंका थी और पूछताछ के लिए पति और जेठानी को हिरासत में लिया गया है। महिला के शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे।
महिला वंदना कुशवाह का शव हौज में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण ही पति और जेठानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जेठानी पार्वती ने वंदना के सिर और पेट में चाकू मारे और शव को हौज में पटक दिया। पति उपेंद्र मौके पर पहुंचा तो उसने पत्नी को हौज से निकाला। इस दौरान उसके कपड़ों में भी खून लग गया। पुलिस को उस पर भी शक हुआ था, लेकिन बाद में पता चला कि जेठानी पार्वती ने हत्या की।
जेल में बंद भाई को लेकर की थी टिप्पणी
पार्वती का भाई दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद है। राखी वाले दिन वंदना ने भाई को लेकर टिप्पणी की थी। इस बात से पार्वती खफा थी। गुरुवार को भी दोनों के बीच इस बात पर विवाद हुआ और पार्वती ने वंदना पर चाकुओं से वार कर दिए और हादसा बताने के लिए शव को हौज में फेंक दिया।