सेमीकंडक्टर समिट का होगा समापन: इंदौर में शुरू हुई सेमीकंडक्टर समिट का शनिवार को समापन होगा। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंफ्रास्ट्रक्चर, फैबलेस उत्पाद एवं बौद्धिक संपदा से जुड़ी कंपनियों तथा प्रमुख शिक्षण संस्थानों के निदेशकों और कुलपतियों के साथ राउंडटेबल बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में उद्योग, शिक्षा और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। चिप प्रौद्योगिकी, नवाचार, कौशल विकास, एआई, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद निर्माण, डिजाइन सेवाओं, अनुसंधान एवं विकास तथा प्रतिभा संवर्धन जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
- इंद्रेश महाराज की कथा का दूसरा दिन: शनिवार को स्टार चौराहे के समीप स्थित मैदान में कथाकार इंद्रेश महाराज की कथा का दूसरा दिन है। वे कथा के माध्यम से कृष्णभक्ति के विभिन्न रसों के महत्व को बताएंगे।
- माहेश्वरी समाज के समाजसेवियों का सम्मान: माहेश्वरी समाज के तीन दिवसीय परिचय सम्मेलन में शनिवार को समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा। इस दौरान सागरमल खरोड़, रामेश्वरलाल बियानी, भरत तोतला और सूरजनारायण राठी को सम्मानित किया जाएगा।
- लक्ष्मी व्यंकटेश देवस्थान पर नामजप परिक्रमा: इंदौर के छत्रीबाग स्थित लक्ष्मी व्यंकटेश देवस्थान पर शनिवार सुबह नामजप परिक्रमा होगी। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
- जत्रा महाराष्ट्रीयन व्यंजन एवं सांस्कृतिक मेले का दूसरा दिन: इंदौर के गुजराती स्कूल मैदान में चल रहे जत्रा महाराष्ट्रीयन व्यंजन एवं सांस्कृतिक मेले का शनिवार को दूसरा दिन है। इस दौरान मंच से लावणी और पोवाड़ा जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
- मालवी मेले की शुरुआत: विट्ठल रुक्मणी गार्डन में श्री गौड़ ब्राह्मण समाज की ओर से शनिवार से दो दिवसीय मालवी मेले की शुरुआत होगी। मेले में ‘मालवी संस्मरण नवचेतना अंक’ का विमोचन किया जाएगा।