होलकर स्टेडियम में हुआ महिला वर्ल्ड कप का मैच।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर मेें महिला विश्व कप का दूसरा मैच सोमवार को दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच हुआ। मैच में दर्शकों के मद्देनजर ट्रैफिक विभाग ने रेसकोर्स रोड की ट्रैफिक व्यवस्था बदली थी, लेकिन मैच को देखने ज्यादा दर्शक नहीं आए। स्टेडियम आधा भी नहीं भर पाया। बाद में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया और रेसकोर्स रोड का ट्रैफिक यातायात के लिए खोल दिया गया। मैच समाप्ति के समय एक तरफ का ट्रैफिक बंद रहेगा, क्योकि तब स्टेडियम से दर्शकों की भीड़ निकलेगी।
महिला विश्व कप का यह इंदौर में दूसरा मैच है। पहला मैच न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। तब भी दर्शक ज्यादा नहीं जुट पाए थे, हालांकि बाद में भीड़ बढ़ने लगी थी। दूसरा मैच अफ्रीकन टीम और न्यूजीलैंड के बीच हुआ।
यह मैच न्यूजीलैंड के लिए खास है। टीम की कप्तान सोफी डिवाइन का यह 300 वां वन डे मैच है, जबकि सूजी बेट्स का यह 350 वां वनडे है। वे टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ी है। इंदौर में पिछले मैच में न्यूजीलैंड को हार का सामना करना पड़ा था। आस्ट्रेलिया ने वह मैच 89 रनों से हराया था।
रियायती टिकट रखे गए, ताकि दर्शक जुटे
महिला विश्व कप के लिए इंदौर में 100, 200 और 500 रुपये के टिकट रखे गए है, ताकि दर्शक मैच देखने जुटे। होलकर स्टेडियम की बैठक क्षमता तीस हजार है। एमपीसीए ने अपने सदस्यों व क्रिकेट क्लबों को मैच के पास भी दिए है। इस कारण स्टेडियम के कुछ हिस्सों में दर्शक नजर आते है। टिकट काफी कम बिके है। दर्शकों को 19 अक्टूबर को होने वाले भारत और इंग्लैड के बीच खेले जाने वाले मैच का इंतजार है। उस दिन स्टेडियम में भीड़ रहेगी।