नवंबर और दिसंबर माह में वैवाहिक समारोह और पर्यटन गतिविधियों के कारण ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। इसे देखते हुए रतलाम रेल मंडले ने रविवार से छह जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इन ट्रेनों का संचालन डॉ. अंबेडकर नगर, बांद्रा टर्मिनस, वलसाड, उधना और अहमदाबाद से गोरखपुर, रक्सौल तथा बरौनी के बीच किया जाएगा। इनका किराया विशेष श्रेणी का होगा।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इन ट्रेनों का परिचालन 22 नवंबर से शुरू होगा। इनके माध्यम से रतलाम, नागदा, उज्जैन, इंदौर और दाहोद सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों से यात्रियों को सुविधा होगी और उनके टिकट विशेष ट्रेनों के कारण कन्फर्म हो सकेंगे।
इन ट्रेनों का संचालन कर रहा पश्चिमी रेलवे
डॉ. अंबेडकर नगर-गोरखपुर स्पेशल
ट्रेन संख्या 09327 डॉ. अंबेडकर नगर-गोरखपुर स्पेशल 22 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे डॉ. अंबेडकर नगर से रवाना होगी। यह इंदौर, फतेहाबाद चंद्रावतीगंज, उज्जैन और मक्सी होते हुए मंगलवार रात 1 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव संत हिरदाराम नगर, विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और देवरिया सदर सहित अन्य स्टेशनों पर भी रहेगा। इसमें स्लीपर और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच होंगे।
बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल
ट्रेन संख्या 09171 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 22 नवंबर को सुबह 4.30 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी। यह रतलाम में दोपहर 2.30 से 2.40 बजे और नागदा में 3.23 से 3.25 बजे तक रुकेगी। ट्रेन अगले दिन शाम 6 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके रास्ते में बोरीवली, पालघर, वापी, सूरत, भरूच, वडोदरा, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, आगरा ईदगाह, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती सहित कई स्टेशन शामिल हैं। इसमें स्लीपर और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच रहेंगे।
वलसाड-रक्सौल स्पेशल
ट्रेन संख्या 09137 वलसाड-रक्सौल स्पेशल 22 नवंबर को रात 10.20 बजे वलसाड से रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 5.25 से 5.35 बजे तक रतलाम और 6.53 से 6.55 बजे तक नागदा में रुकेगी। ट्रेन मंगलवार दोपहर 1 बजे रक्सौल पहुंचेगी। इसका ठहराव नवसारी, सूरत, वडोदरा, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, आगरा ईदगाह, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर और नरकटियागंज सहित अन्य स्टेशनों पर रहेगा। इसमें स्लीपर और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच होंगे।
अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल
ट्रेन संख्या 09459 अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल 22 नवंबर को रात 1 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी। ट्रेन सुबह 6.50 से 7 बजे तक रतलाम और 7.48 से 7.50 बजे तक नागदा में रुकेगी। अगले दिन रात 8 बजे बरौनी पहुंचेगी। इसके ठहराव में आणंद, छायापुरी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, आगरा ईदगाह, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं। ट्रेन में स्लीपर और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच रहेंगे।
उधना-गोरखपुर स्पेशल
ट्रेन संख्या 05018 उधना-गोरखपुर स्पेशल 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे उधना से रवाना होगी। यह सोमवार रात 9.28 से 9.38 बजे तक रतलाम और रात 10.23 से 10.25 बजे तक नागदा में रुकेगी। ट्रेन अगले दिन रात 8.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 05017 गोरखपुर-उधना स्पेशल 22 नवंबर को सुबह 7.35 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। यह सोमवार सुबह 4.28 से 4.30 बजे तक नागदा और 5.15 से 5.25 बजे तक रतलाम में रुकेगी। ट्रेन सुबह 11.50 बजे उधना पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, गंगापुर सिटी, बयाना, आगरा ईदगाह, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बादशाहनगर, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद में रहेगा। इसमें एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच होंगे।
अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल
ट्रेन संख्या 05226 अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी। यह मंगलवार को दाहोद में शाम 4.45 से 4.47 बजे, रतलाम में शाम 6.10 से 6.20 बजे, नागदा में शाम 6.55 से 6.57 बजे और उज्जैन में रात 8.20 से 8.25 बजे तक रुकेगी। ट्रेन गुरुवार सुबह 3 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 05225 बरौनी-अहमदाबाद स्पेशल 22 नवंबर को रात 11 बजे बरौनी से रवाना होगी। यह मंगलवार रात 1.20 से 1.25 बजे उज्जैन, 2.25 से 2.27 बजे नागदा, 3.10 से 3.20 बजे रतलाम और सुबह 5.20 से 5.22 बजे दाहोद में रुकेगी। ट्रेन मंगलवार सुबह 10 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।