इंदौर में मंगलवार को तुकोगंज क्षेत्र में एक सफाईकर्मी महिला को कार ने टक्कर मार दी। महिला को उसका बेटा ड्यूटी पर छोड़ने जा रहा था। हादसे में दोनों घायल हो गए थे। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि बेटे के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना तुकोगंज क्षेत्र में हुकमचंद घंटाघर चौराहे के समीप सुबह सात बजे हुई। सफाईकर्मी ममता बाई, पति मुकेश अमरवाड़, अपने बेटे के साथ दोपहिया वाहन से जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े। ममता बाई के सिर में चोट आई। हादसे के समय घटनास्थल पर सुबह ज्यादा ट्रैफिक नहीं था।
इसका फायदा उठाकर कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, टक्कर के कारण कार की आगे की नंबर प्लेट टूटकर मौके पर गिर गई। पुलिस नंबर प्लेट के आधार पर कार चालक की तलाश कर रही है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि कार चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।घटना की जानकारी मिलने के बाद सफाईकर्मी महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे।