खजराना गणेश को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनाए गए।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर में शनिवार को मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाए। सुबह रिमझिम बारिश का दौर चला। फिर दिन में थोड़ी देर के लिए धूप खिली और शाम होते होते शहर ठंड के आगोश में समाने लगा। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली।
शनिवार सुबह कोहरा नहीं था, लेकिन बादल छाए हुए थे। सुबह 9 बजे बारिश का दौर शुरू हो गया। कही बूंदाबांदी हुई तो कही तेज बौछारें गिरी। यह दौर आधे घंटे तक चला। इसके बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। दिन का तापमान 27.9 रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था, जबकि रात का तापमान 17.6 रहा, जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के सक्रिय रहने के कारण बादल छाए रहेंगे, इस कारण कड़ाके की ठंड 15 दिसंबर के बाद पड़ेगी।
दिल्ली में कोहरा, इंदौर से दिल्ली जाने वाली उड़ान एक घंटे रोकी
शनिवार को दिल्ली में कोहरे के कारण हवाई यातायात प्रभावित रहा। इंदौर से सुबह 9.30 बजे जाने वाली उड़ान एक घंटे लेट रही। दिल्ली में कोहरे के कारण इंदौर से ही विमान ने देरी से उड़ान भरी।
भगवान गणेश को पहनाए उनी वस्त्र
ठंड का असर इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भी नजर आया। भगवान गणेश को पुजारियों ने ऊनी वस्त्र शनिवार सुबह पहनाए। भगवान गणेश के लिए खास तौर पर ऊनी रजाई तैयार कराई गई है। इसके अलावा उनके प्रिय वाहन मूषक को भी गर्म कपड़े पहनाए गए।