इंदौर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य 15 मार्च से प्रारंभ किया जाएगा। इस संबंध में सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में 91 खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर किसानों के बैठने, छाया, टेंट, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही, इन केंद्रों पर किसानों के लिए निःशुल्क स्लॉट बुकिंग हेतु हेल्प डेस्क भी उपलब्ध रहेंगे। किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
तुरंत बिल तैयार करें
जिला उपार्जन समिति द्वारा फील्ड में किसानों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, छाया, पेयजल, सफाई व्यवस्था के तहत पंखे, क्लीनिंग मशीन, हमाल और तौल के लिए पर्याप्त तौल कांटे जैसी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों का भौतिक सत्यापन जिला स्तर पर भी किया जाएगा। इसके साथ ही, सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया है कि केंद्रों पर नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन तीन दिवस के भीतर पूरा कर जिला समिति को पालन प्रतिवेदन भेजा जाए।
हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया
गेहूं खरीदी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए इंदौर के आईपीसी बैंक में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम का नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक आलोक जैन को नियुक्त किया गया है। उनके साथ एक विशेष दल भी तैनात किया गया है, जो किसानों की शिकायतें कंट्रोल रूम के फोन नंबर 07312533200 पर प्राप्त कर समय-सीमा में उचित निराकरण करेगा। गेहूं उपार्जन केवल पंजीकृत किसानों से ही किया जाएगा। जिले में अब तक कुल 31,280 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है। किसानों से अपील की गई है कि वे समय-सीमा के भीतर अपना पंजीयन अवश्य करा लें, ताकि उन्हें गेहूं बिक्री में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।