इंदौर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादलों और धूप की लुकाछिपी जारी रही। इससे पहले सोमवार को पूरे दिन और रात में रुक-रुक कर रिमझिम बारिश होती रही, जिसके बीच-बीच में सूर्य की किरणें भी नजर आईं। मंगलवार को पारे में भारी इजाफा देखने को मिला। पारा 3.8 डिग्री उछलकर 31.0 पर आ गया और रात का पारा 0.2 डिग्री उछलकर 23.4 पर आ गया। इससे पहले हल्की बारिश के चलते दिन का तापमान लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे मौसम में हल्की ठंडक घुल गई। बीते 48 घंटों में महज 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
जुलाई के तीसरे सप्ताह में बारिश के बढ़ते संकेत
अब जब जुलाई का तीसरा सप्ताह आरंभ हो चुका है, मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। बीते कुछ दिनों से इंदौर के आसपास के क्षेत्रों में बादलों की सक्रियता और हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है, जिससे आमजन को गर्मी से राहत मिल रही है। जल्द ही इंदौर में भी अच्छी बारिश की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी से बना सिस्टम, मध्यप्रदेश में हो रहा असर
इस मानसून सीजन में अब तक इंदौर में करीब 6.5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना एक सिस्टम इस समय पूर्वी मध्यप्रदेश में सक्रिय है। इसी सिस्टम की वजह से मालवा क्षेत्र में लगातार नमी बनी हुई है, जिसके कारण दो दिनों से कहीं न कहीं अच्छी बारिश हो रही है। हालांकि फिलहाल जलाशयों का जलस्तर अपेक्षाकृत कम है, लेकिन रिमझिम बारिश से शहर में हरियाली लौट आई है।
लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ से बढ़ेगी बारिश
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि प्रदेश से एक मानसून ट्रफ गुजर रही है और इसके साथ ही एक लो प्रेशर एरिया भी सक्रिय है। इन दो कारणों से प्रदेश भर में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। अगले चार दिनों तक इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। वर्तमान में इंदौर में इसका प्रभाव सीमित है, लेकिन जैसे-जैसे सिस्टम और मजबूत होगा, शहर में भी अच्छी और लगातार बारिश देखने को मिल सकती है।