रोटरी की नई टीम में इस बार युवाओं को ग्लोबल मंच दिया जाएगा। इसके साथ रक्तदान और हरियाली बढ़ाने जैसे विषयों पर फोकस किया जाएगा। रोटरेक्ट डिस्ट्रिक्ट 3040 की नई डिस्ट्रिक्ट रिप्रजेंटेटिव (DRR) उदिता राजकोटिया सिंह का शपथ ग्रहण समारोह 20 जुलाई को भव्य रूप से संपन्न हुआ। इसमें इन सभी बातों को प्रमुखता से बताया गया। देशभर के रोटेरियन इसमें शामिल हुए।
ब्लिक इमेज चेयरपर्सन घनश्याम सिंह ने बताया कि उनके नेतृत्व में इस वर्ष कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की जाएंगी। इसमें सबसे प्रमुख है मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव, जिसमें एक दिन में 2000 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य है। यह आयोजन दिल्ली में होगा, जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और क्रिकेटर शिखर धवन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, रोटरेक्ट वन अभियान के तहत दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वृक्षारोपण, स्वच्छता और ग्रीन अवेयरनेस पर कार्य किया जाएगा।
इस समारोह में रोटरी डिस्ट्रिक्ट के कई प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुशील मल्होत्रा, DRC राकेश शारदा, IPDG अनीश मालिक, संजीव गुप्ता, रूबी मल्होत्रा, आशित राजकोटिया, अर्चना राजकोटिया, आराधना सहाय, ललित सिंह समेत अनेक सदस्य मौजूद थे।
सेवा और नेतृत्व से समाज में लाएंगी सकारात्मक परिवर्तन
DRR उदिता राजकोटिया सिंह इस वर्ष युवा ऊर्जा, नेतृत्व और सेवा के माध्यम से रोटरेक्ट जिला 3040 को नई दिशा देने जा रही हैं। उनका मानना है कि "सेवा, नेतृत्व और बदलाव की भावना जब युवाओं के साथ जुड़ती है, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित होता है।" रोटरेक्ट क्लब इस वर्ष समाजसेवा, जागरूकता और वैश्विक नेतृत्व जैसे विषयों पर कई बड़े और सार्थक प्रोजेक्ट्स को अंजाम देगा।
इंटरनेशनल RYLA के जरिए युवाओं को मिलेगा वैश्विक मंच
युवा नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए इस वर्ष इंटरनेशनल RYLA (Rotaract Youth Leadership Award) का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश और विदेश से यंग लीडर्स भाग लेंगे। कार्यक्रम में नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर केंद्रित सत्र होंगे। साथ ही महिला सशक्तिकरण, डिजिटल साक्षरता और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर नवाचारात्मक प्रोजेक्ट्स भी प्रस्तावित किए गए हैं, जो रोटरेक्ट क्लब को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाएंगे।