गुजरात से प्रयागराज कुंभ स्नान के लिए निकले दो परिवारों की यात्रा एक दर्दनाक सड़क हादसे में बदल गई। इंदौर की सीमा में उनके टेम्पो ट्रेवलर को गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में अहमदाबाद निवासी 39 वर्षीय जयकिशन पिता तरुणभाई की मौके पर ही मौत हो गई। जयकिशन अडानी इंटरप्राइजेस, अहमदाबाद में नौकरी करता था। टेम्पो ट्रेवलर में दो परिवारों के कुल 14 यात्री सवार थे, जिनमें से कई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही चंदन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसा नावदापंथ इलाके के पास हुआ, जब अहमदाबाद के दो परिवार टेम्पो ट्रेवलर में सवार होकर प्रयागराज कुंभ स्नान के लिए रवाना हुए थे। तभी अचानक एक ट्रक जो गलत दिशा से आ रहा था, सीधे उनके वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दर्दनाक हादसे में जयकिशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्रियों को चोटें आई हैं।
12 बड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई भी शुरू
दूसरी ओर, इंदौर में ही एक और आपराधिक घटना सामने आई, जिसमें एमआईजी थाना क्षेत्र के अनूप नगर में रहने वाले राहुल सिंह के साथ मारपीट की गई। राहुल ने पुलिस को बताया कि उसके ऑफिस में काम करने वाला अक्षय पालीवाल अचानक उसके घर आ धमका और उसे गालियां देने लगा। अक्षय ने आरोप लगाया कि राहुल ने ऑफिस में उसका फोटो मैनेजर को भेजा था। जब राहुल ने इसका विरोध किया, तो अक्षय ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। इसके अलावा, इंदौर ग्रामीण क्षेत्र में 13 थाना क्षेत्रों में फरार चल रहे 12 बड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई भी शुरू की गई है। इन अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया था और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।