इंदौर के राउ सर्कल पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा है। बताया जा रहा है कि यह हादसा तेज रफ्तार बाइक सवार को बचाने के दौरान हुआ, जिससे दोनों छात्र बाइक समेत डिवाइडर से टकरा गए।
राउ पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब दो बजे हुआ। मृतक की पहचान 18 वर्षीय अभिनव वर्मा के रूप में हुई है, जो नंद विहार कॉलोनी का निवासी था। उसका दोस्त भी इस हादसे में घायल हुआ है, जिसे चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अभिनव और उसका दोस्त देर रात चाय पीने के लिए एक कैफे गए थे। वहां से लौटते समय उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रहे एक अन्य बाइक सवार को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। अभिनव गोल्डन इंटरनेशनल स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था और परीक्षा की तैयारी कर रहा था। रात में पढ़ाई के बाद वह अपने दोस्त के साथ बाहर चला गया था। अभिनव के परिवार में उसके पिता नरेश वर्मा, जो पीथमपुर की एक निजी कंपनी में काम करते हैं, और एक बड़ा भाई अभय है, जो लॉ की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल दूसरे छात्र को भी गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद दोनों छात्र सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। इस दौरान पास के एक कैफे संचालक ने उन्हें देखा और तुरंत अपनी कार से चोइथराम अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अभिनव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तेज रफ्तार बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास कर रही है।