देश की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। देशभर से चयनित 52 फाइनलिस्ट के बीच जयपुर में कड़ा मुकाबला जारी है। प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत सैश समारोह के साथ हुई, जहां सभी फाइनलिस्ट ने इस राष्ट्रीय मंच पर अपना पहला परिचय (इंट्रो वॉक) दिया।
इंदौर की बेटी श्रेया बेड़िया का शानदार प्रदर्शन
इसी समारोह में वाइल्ड कार्ड के जरिए इंट्री करने वाली इंदौर, मध्यप्रदेश की बेटी श्रेया बेड़िया सबपर भारी नजर आ रही हैं। श्रेया ने ग्रैंड फिनाले के फर्स्ट राउंड में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से विशेष ध्यान आकर्षित किया। समारोह के बाद सोशल मीडिया पर उनकी वॉक के वीडियो वायरल से हो रहे हैं। अनेक दर्शकों ने उनकी प्रस्तुति को आत्मविश्वास, शालीनता और सहज व्यक्तित्व का संतुलित प्रदर्शन बताया है।
यह भी पढ़ें...
Ayesha Khan: दो घंटे तक हिरासत में रहीं आयशा, अब भाई को बचाने निकलीं; लिखा- ‘अब सड़क पर खड़े रहना भी जुर्म है’
कैटवॉक में इन्फिनिटी का प्रतीक और मजबूत दावेदारी
श्रेया की पहली कैटवॉक विशेष चर्चा का विषय बनी। अपनी प्रस्तुति के दौरान उन्होंने कोरियोग्राफी के माध्यम से इन्फिनिटी (∞) का प्रतीक निर्मित किया, जो अनंत संभावनाओं, असीम मानव क्षमता और निरंतर आगे बढ़ने के संकल्प का प्रतीक माना जाता है। उनकी इस रचनात्मक प्रस्तुति ने उन्हें प्रतियोगिता की मजबूत दावेदारों में शामिल कर दिया है। श्रेया की मंच उपस्थिति ने यह भी दर्शाया कि मध्यप्रदेश की बेटी किसी से कम नहीं है। उनका आत्मविश्वास, गरिमापूर्ण व्यक्तित्व और सकारात्मक ऊर्जा दर्शकों तथा फैशन जगत के विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित कर रही है।
23 अगस्त को जयपुर में भव्य ग्रैंड फिनाले
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का भव्य ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त को जयपुर में आयोजित होगा, जहां देश को अपनी नई मिस यूनिवर्स इंडिया मिलेगी। विजेता भारत का प्रतिनिधित्व विश्व की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स में करेगी। उल्लेखनीय है कि इसी मंच ने भारत को कई अंतरराष्ट्रीय विजेता और प्रतिष्ठित व्यक्तित्व दिए हैं, जिनमें सुष्मिता सेन, लारा दत्ता और हरनाज संधू जैसे नाम शामिल हैं। ऐसे में इस वर्ष की प्रतियोगिता को लेकर भी देशभर में व्यापक उत्सुकता बनी हुई है। इंदौर की श्रेया बेड़िया का आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन उन्हें उन प्रतिभागियों में शामिल करता है जिन पर आगामी ग्रैंड फिनाले में विशेष निगाहें रहेंगी।