Indore News: इंदौर के सिमरोल में 108 एम्बुलेंस में एक महिला ने सफल डिलीवरी की, जब रास्ते में उसकी प्रसव पीड़ा बढ़ गई। एम्बुलेंस स्टाफ की सूझबूझ से जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
इंदौर के सिमरोल क्षेत्र के पास रविवार देर रात एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिजन तुरंत हरकत में आए और 108 एम्बुलेंस को बुलाकर महिला को अस्पताल ले जाने का फैसला किया। एम्बुलेंस में सवार होते ही महिला की तकलीफ बढ़ने लगी, जिससे डॉक्टरों तक पहुंचने से पहले ही डिलीवरी की जरूरत आन पड़ी। एम्बुलेंस स्टाफ ने तुरंत 108 कॉल सेंटर पर स्थिति की सूचना दी और परिजन की सहमति लेने के बाद एम्बुलेंस में ही सुरक्षित डिलीवरी करवाई। महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया और तुरंत बाद मां और बच्चे दोनों को सिमरोल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर पाई गई।
विज्ञापन
19 वर्ष की संतोषी को मिली खुशियां
घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात लगभग 3 बजे की है, जब ग्राम मेंडल में रहने वाली 19 वर्षीय संतोषी पति सिरन को तेज प्रसव पीड़ा हुई। परिवार ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया, जो मौके पर पहुंचकर गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने लगी। लेकिन आधे रास्ते में उसकी पीड़ा असहनीय हो गई, जिससे तत्काल डिलीवरी करानी पड़ी।
कॉल सेंटर से दिए गए निर्देश
एम्बुलेंस में मौजूद मेडिकल टेक्नीशियन सूरजमल दांगी और पायलेट सुनील पटेल ने स्थिति को समझते हुए तुरंत कॉल सेंटर से संपर्क किया और परिजन की अनुमति के बाद एम्बुलेंस को अस्थायी डिलीवरी रूम बना दिया। पेशेवर सूझ-बूझ के साथ महिला का सफल प्रसव कराया गया। इसके बाद मां और नवजात को अस्पताल ले जाकर प्राथमिक स्वास्थ्य जांच कराई गई, जहां दोनों को स्वस्थ घोषित किया गया। एम्बुलेंस स्टाफ की तत्परता और कुशलता से यह डिलीवरी सफल रही, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली।