इंदौर में ट्रैफिक के बीच युवती का रील स्टंट
- फोटो : amarujala
इंदौर में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर प्रकृति गौर के खिलाफ तुकोगंज पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इंदौर के लेटर्न चौराहा पर प्रकृति ने ट्रैफिक के बीच ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर रील शूट की थी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की थी और शनिवार रात उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया है।हालांकि, युवती ने ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर रील बनाने के मामले में माफी मांगी थी, लेकिन इंदौर पुलिस ने उसके खिलाफ एक्शन ले लिया।
युवती का कहना था कि उसने यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं किया है। उसके वीडियो को कुछ लोगों द्वारा गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 270, 285 बीएनसी के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त किया है, जिसमें उसने रील शूट की थी।
दरअसल, युवती ने कुछ दिनों पहले ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर रील बनाई थी और उसे अपने अकाउंट पर शेयर किया था। इस तरह सड़क पर लेटकर रील बनाने को लेकर उसके अकाउंट पर कमेंट आने लगे। उसकी रील भी वायरल हुई और पुलिस अफसरों ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की थी। शनिवार को उसके खिलाफ केस दर्ज हो गया।
यह था मामला
लेटर्न चौराहा पर सिग्नल रेड होने पर अचानक युवती सड़क पर लेट गई थी और अलग-अलग पोज देने लगी। इसके बाद उसने आठ सेकेंड की रील भी बनाई और वायरल करने के लिए उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया। उसके इंस्टाग्राम पर आठ हजार फॉलोअर थे, लेकिन इस रील शूट के बाद अचानक उसके फॉलोअर की संख्या बढ़ गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने युवती की जानकारी जुटा ली और शनिवार को उसे थाने में तलब किया। इसके बाद मोबाइल जब्त कर केस दर्ज कर लिया गया।