लवकुश चौराहे की दूसरी भुजा तैयार।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर के दो ब्रिज जल्दी ही पूरी तरह यातायात के लिए खुल जाएंगे। खजराना और लवकुश चौराहे के दूसरी भुजाएं तैयार हो चुकी है। डामरीकरण के बाद दोनों के ब्रिजों पर कलर पेंट और विद्युतीकरण का काम चल रहा है। डेढ़ माह पहले दोनो ब्रिजों की एक-एक भुजा का लोकार्पण मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया था।
खजराना और लवकुश ब्रिज के बीच से मेट्रो का रुट निकल रहा है। इस कारण दोनो ब्रिजों का डिजाइन अलग तैयार किया गया। उनकी भुजाएं आपस में जोड़कर नहीं बनाई गई। इस कारण उनका काम भी एक साथ पूरा नहीं हुआ।
खजराना ब्रिज पर बंगाली काॅलोनी की तरफ से विजय नगर तक आने वाले ट्रैफिक शुरू हो चुका है। अब दूसरी भुजा भी लगभग तैयार हो चुकी है। अभी यह तय नहीं हो पाया। आधे ब्रिज के लोकार्पण के लिए भी समारोह आयोजित होगा या फिर उसके बगैर ही ब्रिज ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। दोनो ब्रिजों का निर्माण होने के बाद उनका लोड टेस्ट किया जाएगा।
मरीमाता ब्रिज का काम होगा शुरू
शहर के एक और व्यस्त चौराहे पर ब्रिज बनाने की तैयारी नगर निगम ने की है। मरीमाता चौराहे पर ब्रिज के लिए सर्वे पूरा हो चुका है। निर्माण के लिए टेंडर भी जारी किए गए है। डेढ़ माह के भीतर ब्रिज का निर्माण शुरू होगा। इसके अलावा बड़ा गणपति चौराहा पर भी ब्रिज बनना है। इंदौर के पूर्वी क्षेत्र की तुलना में पश्चिम क्षेत्र में कम ब्रिज है, लेकिन अब इस हिस्से में भी ब्रिज बनने लगे है।