द्वारकापुरी इलाके में स्थित पारदी के डेरे में डेढ़ माह के बच्चे की हत्या का मामला सामने आया है। उसकी खून से सनी लाश झोपड़ी से पुलिस को मिली है। घर पर बच्चे की मां के अलावा डेढ़ साल की बेटी और महिला की देवरानी थी। मां पहले भी अपने बच्चे का गला दबाने का प्रयास कर चुकी थी। इस कारण पुलिस को उस पर शंका है। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
द्वारकापुरी इलाके में पारदी समाज के कुछ लोग रहते हैं। दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि एक झोपड़ी में डेढ़ माह के बच्चे का शव है। उसका नाम प्रियांश पारदी है। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो लोगों ने बताया कि महिला की देवरानी घर के बाहर थी। बच्चे की मां नेहा दौड़ते हुए घर से बाहर आई और कि बच्चे को कुछ हो गया। आस पड़ोस में रहने वाले लोगों ने भीतर जाकर देखा तो बच्चे के गले से खून बह रहा था। उस वक्त घर में डेढ़ साल की बेटी भी थी।
पहले भी कर चुकी थी मारने की कोशिश
पूछताछ में पता चला कि महिला का आए दिन पति से विवाद होता था और एक बार पहले भी वह बच्चे का गला दबाने का प्रयास कर चुकी थी। पुलिस ने झोपड़ी की तलाशी ली, लेकिन भीतर कोई औजार नहीं मिला। जिससे बच्चे का गला काटा गया। पुलिस अफसर पूछताछ के लिए बच्चे की मां को थाने ले गए।