प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी
- फोटो : amar ujala
ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में इंदौर पुलिस ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को गुरुवार को कई घंटे हिरासत में रखने और पूछताछ के बाद रात में छोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए दो आरोपियों ने नाना पटवारी का नाम लिया था, इस आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। जीतू पटवारी ने इसे मुख्यमंत्री के खिलाफ आरोप लगाने पर बदले की कार्रवाई और दबाव की राजनीति बताया है।
नाना पटवारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की पुष्टि डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने की। रावत ने बताया कि यह पूरा मामला इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजेंद्र नगर पुलिस ने मादक पदार्थों के साथ दो संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर दबोचा था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इरफान खान उर्फ बोलू चंदेरी और रानी भाई के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान इन दोनों आरोपियों के पास से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जब पूछताछ शुरू की, तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने कबूल किया कि वे जब्त की गई ब्राउन शुगर की यह खेप दो प्रमुख लोगों को सप्लाई करने जा रहे थे, जिनमें से एक नाम नाना पटवारी और दूसरा नाम मानव गंगवानी का है। इसके बाद पुलिस ने नाना पटवारी को हिरासत में लिया था।
सूत्रों के अनुसार नाना पटवारी को कई घंटों हिरासत में रखा गया। पूछताछ के बाद उन्हें देर रात छोड़ दिया गया।
आवाज दबाने की कोशिश : जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने भाई नाना पटवारी को हिरासत में लेने का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इंदौर पुलिस ने बिना सूचना दिए मेरे भाई को हिरासत में लिया। रंजिश इस बात की है कि जो भी सत्ता और मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाएगा, उसे दबाने के लिए कानून का भी सहारा लिया जाएगा।