तेंदुए ने किया डिलीवरी बॉय पर हमला
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिहायशी इलाके में एक तेंदुआ घुस आया। बिचौली मर्दाना क्षेत्र में सड़क पर घूम रहे तेंदुए ने पहले एक डिलीवरी बॉय पर हमला किया और फिर भागकर एक मकान के बाथरूम में जा छिपा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
सड़क पर घूमते तेंदुए ने डिलीवरी बॉय पर किया हमला
यह घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे के बाद बिचौली मर्दाना क्षेत्र में हुई। इलाके में घूम रहे तेंदुए को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय बाइक से वहां से गुजर रहा था। तेंदुआ कुछ पल के लिए रुका और फिर अचानक बाइक सवार की ओर दौड़ पड़ा। उसने छलांग लगाकर डिलीवरी बॉय पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराकर युवक बाइक छोड़कर भाग निकला और अपनी जान बचाई। हमले की पूरी घटना पास में बने एक बंगले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के समय वहां से एक अन्य बाइक सवार भी निकला, लेकिन तेंदुए ने उस पर हमला नहीं किया।
हमले के बाद मकान के बाथरूम में जाकर छिपा तेंदुआ
डिलीवरी बॉय पर हमला करने के बाद तेंदुआ पास के एक मकान में घुस गया और बाथरूम में जाकर छिप गया। कुछ स्थानीय युवकों ने मोबाइल फोन से उसके वीडियो बनाना शुरू कर दिए। तेंदुए के घर में घुसने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और मकान के बाहर भीड़ जमा हो गई।
वन विभाग ने पिंजरा और ट्रैंक्विलाइज़र गन के साथ चलाया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पिंजरा लेकर मौके पर पहुंची। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए मकान के बाहर जाल लगाया गया। इसके अलावा उसे बेहोश करने के लिए ट्रैंक्विलाइज़र गन भी मंगाई गई। हालांकि काफी देर तक तेंदुआ बाथरूम से बाहर नहीं निकला और वन विभाग की टीम को लगातार छकाता रहा।
रालामंडल क्षेत्र से भटककर आने की आशंका
बिचौली मर्दाना क्षेत्र रालामंडल के पास स्थित है। इस इलाके में पहले भी कई बार तेंदुए देखे जा चुके हैं। पिछले वर्ष भी बायपास स्थित एक कॉलोनी में तेंदुआ घुस आया था, जिसे वन विभाग ने बेहोश कर सुरक्षित रेस्क्यू किया था। अधिकारियों का मानना है कि इस बार भी तेंदुआ रालामंडल के जंगल क्षेत्र से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंचा हो सकता है।
पुलिस ने संभाली व्यवस्था, सुबह तक नहीं मिला तेंदुआ
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने के लिए भीड़ हटाने में जुटी रही। देर रात तक वन विभाग का अमला तेंदुए को पकड़ने की कोशिश करता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद टीम इलाके में पिंजरा लगाकर लौट गई। बुधवार सुबह ग्रामीणों को तेंदुआ कहीं दिखाई नहीं दिया, हालांकि वन विभाग पूरे क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।