फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indore News: इंदौर में पिता-पुत्र ने पड़ोसियों पर चढ़ा दी कार, सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की मौत; कई लोग घायल

Thu, 26 Mar 2026 11:21 AM IST
Arjun Richhariya न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

इंदौर में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला को कार सवार पिता-पुत्र ने रहवासियों के सामने ही रौंद दिया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इसकी भयावहता दिख रही है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। 
विज्ञापन
पति सौरभ के साथ शंपा पाठक (पांडे) और सीसीटीवी फुटेज का दृश्य। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में बुधवार रात दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। एक पिता पुत्र ने रहवासियों पर कार चढ़ा दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। जानबूझकर लोगों को रौंदने वाली वारदात का वीडियो भी सामने आया है। 

विज्ञापन


घटना बुधवार रात 10.30 बजे लसूड़िया थाना क्षेत्र के एमआर-11 स्थित शिव वाटिका टाउनशिप की है। इस दर्दनाक हादसे में इंफोसिस में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर शंपा पाठक (पांडे) की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मृतका शंपा अपने पति सौरभ और दो नन्हे बच्चों के साथ इसी महीने 13 मार्च को इस बिल्डिंग में रहने आई थीं। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी शख्स और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पिता पुत्र किराए पर देते थे पेंटहाउस, रहवासी हो रहे थे परेशान
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पूरा विवाद बिल्डिंग के पेंटहाउस के व्यावसायिक उपयोग को लेकर था। आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे ने इस सोसाइटी में दो पेंटहाउस खरीदे थे। इन पेंटहाउस को वे एक एप के माध्यम से बार-बार किराए पर दे रहे थे। बिल्डिंग के अन्य निवासी इसका कड़ा विरोध कर रहे थे क्योंकि व्यावसायिक गतिविधियों के कारण बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही काफी बढ़ गई थी जिससे सुरक्षा और शांति भंग हो रही थी। रविवार को स्थानीय पार्षद ने भी मध्यस्थता कर समझौता कराने का प्रयास किया था परंतु उसका कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला।
विज्ञापन


बातचीत के दौरान पुत्र ने आपा खो दिया और कार चढ़ा दी
टीआई तारेश सोनी के मुताबिक, टाउनशिप की सागरश्री एन्क्लेव बिल्डिंग में कुलदीप चौधरी ने अपना पेंटहाउस Airbnb को किराए पर दे रखा है। यहां रोज नए लोग आते थे। इस बात को लेकर रहवासियों की आपत्ति थी। बुधवार रात रहवासियों ने उनके फ्लैट की लाइट बंद कर दी थी। यह देखकर कुलदीप चौधरी नीचे आए। उन्होंने रहवासियों के फ्लैट की लाइट बंद कर दी। इस बात को लेकर मारपीट हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अपना आपा खो दिया। इसके बाद बेटा मोहित चौधरी कार लेकर आया। पहले वहां रहने वाली महिला कर्मचारी को टक्कर मारी, फिर घूमकर वापस आया और शंपा पांडे को रौंद दिया। इस भयावह मंजर को देखकर मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल वहां पहुंचा और घायलों को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शंपा पाठक को मृत घोषित कर दिया। 

यह पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है जो अब पुलिस के लिए मुख्य साक्ष्य है। पुलिस ने बिल्डिंग में लगा DVR जब्त कर ली है। Airbnb के जरिये यहां कौन-कौन लोग आते थे, इसकी जांच की जाएगी। लसूड़िया पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान ले रही है। टीआई तारेश सोनी ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि पिता और पुत्र पर हत्या की धाराएं लगाई गई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों पर आगे और भी धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। 



पति के सामने पत्नी को टक्कर मारी, जब गिर गई तो रौंदकर भाग गया
अयोध्या (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले सौरभ पांडे ने बताया कि बुधवार रात को शोर सुनकर हम नीचे गए। वहां पर कुछ देर में मारपीट होने लगी। इस बीच पेंटहाउस के मालिक कुलदीप चौधरी का बेटा तेज स्पीड में कार लाया और पहले एक महिला कर्मचारी को टक्कर मार दी। इसके बाद वह मेरी तरफ बढ़ा। मैं भागकर बचा लेकिन उसी समय उसने मेरी पत्नी शंपा को कार से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद भी उसने कार नहीं रोकी। पत्नी के सिर में बहुत ज्यादा चोट लगी और वह नीचे गिर गई। इसके बाद उसने कार मेरी पत्नी पर चढ़ा दी। 

इंदौर की कई बिल्डिंगों में यही हाल
इंदौर के रहवासी क्षेत्रों में फ्लैट, मकानों के व्यावसायिक उपयोग की लगातार शिकायतें आती रहती हैं। कई लोग एक से अधिक प्रॉपर्टी लेकर उसे किराए पर दे देते हैं या फिर वहां पर होटल, रेस्टोरेंट या हॉस्टल का संचालन करने लगते हैं। इससे आसपास के रहवासियों का जीवन दुश्वार हो जाता है। इंदौर में पढ़ने और नौकरी करने वाले स्टूडेंट्स और युवाओं को भी बिना किसी जांच-पड़ताल के किराए की जगह दे दी जाती है जिससे कई बार वहां बड़े अपराध घटित हो जाते हैं। पुलिस लगातार इससे जुड़ी एडवाइजरी जारी करती है लेकिन इसके बावजूद प्रॉपर्टी ब्रोकर्स और प्रॉपर्टी का व्यवसाय करने वाले निरंकुश होकर रहवासी क्षेत्रों में नियम विरुद्ध कार्य करते रहते हैं। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें