महिला सफाईकर्मियों के साथ पोहा पार्टी।
- फोटो : अमर उजाला
स्वच्छता रैंकिंग सर्वेक्षण की नई गाइडलाइन आने के बाद इंदौर नगर में इसमें शामिल होने के लिए फिर से तैयारी शुरू कर दी है। इस बार 175 बिन्दू तय हुए है। जिसके आधार पर शहरों की स्वच्छता को परखा जाएगा। इसमें शहर के सफाईकर्मियों का योगदान भी रहेगा। सफाईकर्मियों को प्रेरित करने के लिए मेयर पुष्य मित्र भार्गव ने उनके साथ पोहा पार्टी की।
फूटी कोठी ब्रिज के पास सफाई मित्रों के साथ उन्होंने संवाद किया गया। इस अवसर पर महापौर ने सफाई मित्रों के साथ चाय एवं पोहा पार्टी में सहभागिता करते हुए स्वच्छता व्यवस्था, जमीनी चुनौतियों एवं सुधार के सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण आने वाला है हम सबको फिर से मिलकर लगना है। अाप सभी को तैयार रहना होगा। इस पर महिला सफाई मित्रों ने कहा कि हम सभी तैयार भी है और इंदौर का स्वच्छता में सिरमौर बनना तय है।
मेयर ने कहा कि सफाई मित्रों की इंदौर शहर की स्वच्छता में उनकी अहम भूमिका रही है। हम हर रविवार को शहर के दो झोन में सफाई मित्रों के साथ स्वच्छता पर संवाद एवं सफाई मित्रों के साथ ही पोहा पार्टी करेंगे। सफाई मित्रों के समर्पण, मेहनत और अनुशासन के कारण ही इंदौर लगातार देश में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने सफाई मित्रों से स्वच्छता कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने अनुभव साझा करने का आग्रह किया तथा आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा।
इस दौरान महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, क्षेत्रीय झोनल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई सहित बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वच्छ इंदौर के संकल्प को दोहराया।