फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indore News: सराफा बाजार में चला निगम का डंडा, सौ से अधिक दुकानें हटाई, फूटा व्यापारियों का गुस्सा

Thu, 27 Nov 2025 11:10 PM IST
अर्जुन रिछारिया अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर

सार

Indore News: इंदौर के सराफा बाजार की नाइट चौपाटी में अब सिर्फ 69 दुकानें लगेंगी। नगर निगम और एसोसिएशन की बैठक में मोमोज व चाइनीज फूड पर रोक लगाते हुए केवल पारंपरिक व्यंजन बेचने की अनुमति दी गई है और नियमों का पालन न करने पर सख्ती की जाएगी।
विज्ञापन
1 of 2
दुकान हटने से नाराज महिला ने खूब खरी खोटी सुनाई। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
इंदौर के विश्व प्रसिद्ध सराफा बाजार की रात्रिकालीन चौपाटी को लेकर प्रशासन और व्यापारी संगठनों के बीच सहमति बन गई है। अब यहां सिर्फ 69 दुकानें ही लगाई जा सकेंगी। यह निर्णय गुरुवार को सराफा एसोसिएशन, चौपाटी एसोसिएशन और नगर निगम के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में लिया गया। बैठक के बाद गुरुवार को रात में नगर निगम की टीम चौपाटी पर पहुंची और अवैध तरीके से लग रही दुकानों को हटवा दिया गया। इस दौरान कई दुकानदारों का गुस्सा भी फूटा और लगभग डेढ़ घंटे तक वे धरने पर बैठे रहे। बाद में निगम की टीम और अधिकारियों ने उन्हें समझाइश देकर रवाना किया। करीब सौ से अधिक दुकानों को अब वहां पर व्यापार करने से रोक दिया गया है। 



प्रशासन की सख्त निगरानी
गुरुवार शाम से ही नगर निगम का बड़ा अमला सराफा बाजार में तैनात कर दिया गया था। अधिकारियों ने आते ही स्पष्ट कर दिया कि स्वीकृत सूची के अलावा अगर कोई भी दुकानदार अपनी दुकान लगाता है, तो उसे तुरंत हटा दिया जाएगा। गौरतलब है कि पहले 80 दुकानों को अनुमति देने की चर्चा थी, लेकिन सहमति न बनने पर नई सूची तैयार की गई। इस अंतिम सूची पर सराफा चौपाटी एसोसिएशन के अध्यक्ष राम गुप्ता और सराफा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष हुकुमचंद सोनी ने हस्ताक्षर किए हैं।

यह भी पढ़ें...
Indore News: निगम की जबरदस्ती पर 'ब्रेक', शिवाजी मार्केट के दुकानदारों को राहत, कोर्ट ने दिया फैसला

केवल पारंपरिक स्वाद मिलेगा
प्रशासन ने सराफा की मूल पहचान को बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पहले ही निर्देश दिए थे कि चौपाटी का पारंपरिक स्वरूप बना रहना चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए अब सराफा चौपाटी में मोमोज, नूडल्स और अन्य चाइनीज आइटम बेचने वालों को अनुमति नहीं दी गई है। अब यहां आने वाले पर्यटकों को केवल इंदौर के पारंपरिक व्यंजन और मिठाइयां ही मिलेंगी, जिसके लिए यह बाजार जाना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

2 of 2
पुलिस ने समझाइश देकर दुकानदारों को रवाना किया। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
महापौर बोले परंपरागत दुकानें ही लगेंगी
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि इंदौर की ऐतिहासिक एवं परंपरागत पहचान सराफा चौपाटी में व्यवस्थित व्यापार और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम इंदौर द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। महापौर इन काउंसिल में संकल्प पारित करते हुए तय किया गया था कि सराफा चौपाटी में केवल परंपरागत रूप से चिह्नित दुकानों को ही व्यवसाय करने की अनुमति दी जाएगी।

जल्द जारी होगी गाइडलाइन
महापौर के निर्देशन में महापौर परिषद सदस्यों की उपस्थिति में एक विशेष समिति का गठन किया गया था। यह समिति सराफा चौपाटी क्षेत्र का विस्तृत भौतिक निरीक्षण करते हुए व्यापारिक गतिविधियों, सुरक्षा मानकों, भीड़ प्रबंधन एवं मूलभूत आवश्यकताओं का आकलन करने के लिए नियुक्त की गई थी। समिति ने निरीक्षण के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट नगर निगम को प्रस्तुत की। रिपोर्ट में लोगों की सुरक्षा, स्वच्छता, स्थान की क्षमता एवं परंपरागत व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण सुझाव शामिल किए गए। समिति की रिपोर्ट को आधार मानते हुए नगर निगम इंदौर द्वारा शीघ्र ही सराफा चौपाटी के लिए नई गाइडलाइन जारी की जाएगी। जिनमें परंपरागत सूचीबद्ध दुकानों के खुलने और बंद होने का निर्धारित समय, सुरक्षा के अनिवार्य मानक, अग्नि सुरक्षा प्रावधान, भीड़ प्रबंधन व्यवस्था, स्वच्छता एवं कचरा निपटान व्यवस्था जैसे बिंदुओं को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें