Indore News: इवेंट फोटोग्राफर नितिन पडियार ने पत्नी, सास और साली की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उसने अपनी पीड़ा बयां करते हुए महिलाओं के कानून में बदलाव की मांग की।
इंदौर के महेश नंद नगर में रहने वाले इवेंट फोटोग्राफर नितिन पडियार ने अपनी पत्नी हर्षा शर्मा, सास सीता शर्मा और दो साली मीनाक्षी व वर्षा शर्मा की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। नितिन ने फांसी लगाने से पहले 14 पन्नों का एक लंबा सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने अपनी शादीशुदा जिंदगी की दर्दनाक सच्चाई उजागर की। उसने बताया कि शादी के बाद उसकी पत्नी और सास ने लगातार उसे प्रताड़ित किया और राजस्थान में उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का झूठा मामला दर्ज कराया। इन झूठे आरोपों और धमकियों से परेशान होकर नितिन मानसिक रूप से बुरी तरह टूट चुका था।
विज्ञापन
20 लाख रुपए मांग रहे थे पत्नी के परिजन
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पक्ष नितिन से 20 लाख रुपये की अवैध मांग कर रहा था और जब उसने यह देने से मना किया तो उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इस प्रताड़ना से परेशान होकर उसने खुद की जिंदगी खत्म करने का फैसला किया।
सास ने रिश्ते को बिगाड़ दिया
सुसाइड नोट में नितिन ने लिखा कि शादी के पहले से ही उसकी पत्नी हर्षा से मुलाकात हुई थी और शादी के बाद सास सीता शर्मा की दखलअंदाजी ने उनके रिश्ते को बिगाड़ दिया। उसकी सास और पत्नी ने मिलकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, झूठे आरोपों में फंसाया और जबरन पैसे की मांग की। नितिन ने अपने सुसाइड नोट में भारत सरकार से महिलाओं के कानूनों में बदलाव की मांग करते हुए लिखा कि पुरुषों को भी न्याय मिलना चाहिए क्योंकि झूठे मामलों में फंसाकर उनकी जिंदगी बर्बाद की जा रही है।
विज्ञापन
इंदौर में हुआ विरोध प्रदर्शन
नितिन की मौत के बाद उसके परिवार वालों ने न्याय की मांग करते हुए सड़क पर चक्काजाम किया और कैंडल मार्च निकाला। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और बाणगंगा पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर उसकी पत्नी, सास और दोनों सालियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने नितिन के भाई सूरज और उसकी मां राधा के बयान भी दर्ज किए, जिनके आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।