Indore News: इंदौर के खजराना में चेकिंग के दौरान हिट एंड रन की घटना सामने आई है। कार सवार आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर गिरा दिया और उन्हें कुचलने की कोशिश करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंदौर के खजराना क्षेत्र में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। चेकिंग के दौरान एक कार रोकने पर उसमें सवार लोगों ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर गिरा दिया और फिर उन्हें कार से कुचलने की कोशिश करते हुए भाग निकले। इस घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
रोबोट चौराहे पर हुई घटना
खजराना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआरपी लाइन में पदस्थ आरक्षक रामेश्वर दांगी की शिकायत पर कार नंबर MP04CT1079 के ड्राइवर और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरक्षक रामेश्वर दांगी अपने साथी आरक्षक रामदयाल और पवन के साथ गुरुवार देर रात रोबोट चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। उनके साथ खजराना थाने के एसआई घनश्याम मिश्रा, लखन वर्मा और अभय चौहान भी मौजूद थे। इसी दौरान वेलोसिटी की तरफ से एक कार आती हुई दिखाई दी। जब आरक्षक रामेश्वर ने हाथ देकर उसे रोकने का इशारा किया तो कार में सवार शख्स ने कार का कांच खोलकर उन्हें धक्का दे दिया, जिससे रामेश्वर सड़क पर गिर पड़े और उनके हाथ से ब्रीद एनेलाइजर मशीन भी दूर जा गिरी।
कार नंबर से हुई पहचान
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भागती हुई कार का पीछा किया, लेकिन कार सवार आरोपियों ने तेजी से वाहन को उनकी तरफ दौड़ा दिया और अपशब्द कहते हुए वहां से फरार हो गए। इस घटना की सूचना तुरंत अधिकारियों को दी गई। कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन पर केस दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
होली और रंगपंचमी को लेकर इंदौर पुलिस ने शुक्रवार रात को शहरभर में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर इस दौरान 1611 बदमाशों की चेकिंग की गई, जिसमें 921 लोगों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा, 395 वाहन चालकों के खिलाफ 185 आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने 382 से ज्यादा वारंट तामील कराए, जिसमें 92 स्थायी, 113 गिरफ्तारी और 177 जमानती वारंट शामिल हैं। इसके अलावा, 227 समंस भी तामील कराए गए।