Indore News: इंदौर के एरोड्रम इलाके में एक 19 वर्षीय युवती ने प्रेमी की शादी से आहत होकर आत्महत्या कर ली। जांच में सामने आया कि हर्षिता का पंकज नामक युवक से प्रेम संबंध था, जिसकी दो दिन बाद शादी थी।
इंदौर के एरोड्रम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती ने प्रेमी की शादी से आहत होकर आत्महत्या कर ली। रविवार शाम 19 वर्षीय हर्षिता प्रजापति का शव उसके घर में फांसी पर लटका हुआ मिला। जब युवती के मामा घर पहुंचे तो उन्होंने उसे इस हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
प्रेम संबंध में था तनाव, पंकज की शादी बनी वजह
पुलिस के अनुसार, हर्षिता का प्रेम संबंध पंकज नाम के युवक से था, जो उसी इलाके में रहता है। दो दिन बाद पंकज की शादी होने वाली थी, जिसकी जानकारी मिलते ही हर्षिता भावनात्मक रूप से टूट गई और उसने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठा लिया। हर्षिता ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने लिखा कि वह पंकज के बिना नहीं जी सकती और उसकी शादी ही आत्महत्या की वजह है।
परिवार ने किया खुलासा, शादी से किया था इनकार
हर्षिता के परिवार वालों ने बताया कि उसका पंकज से लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन पंकज ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था। हर्षिता एक निजी ऑफिस में काम करती थी और उसका परिवार साधारण है। उसके पिता ई-रिक्शा चालक हैं और उसके परिवार में माता-पिता और एक बड़ा भाई है।
विज्ञापन
पुलिस जांच में जुटी, सुसाइड नोट जब्त
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से हर्षिता का सुसाइड नोट जब्त कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, आत्महत्या के कारणों और प्रेम संबंध की सच्चाई को जानने के लिए पंकज से भी पूछताछ की जाएगी।