जेन-अल्फा ने मिठाई बांटकर मनाई खुशियां
- फोटो : amarujala
इंदौर के देपालपुर क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल से प्राचार्य का तबादला हुआ तो जेन-अल्फा स्कूली विद्यार्थी इतने खुश हो गए कि उन्होंने स्कूल के गेट पर पटाखे फोड़कर खुशियां मनाईं। इसके बाद वे मिठाई लेकर आए और एक-दूसरे का मुंह भी मीठा किया। दरअसल, माइग्रेशन सर्टिफिकेट को लेकर एक छात्र का प्राचार्य से विवाद हुआ था और छात्र ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। स्कूली बच्चों की खुशियों में कुछ ग्रामीण भी शामिल हो गए।
देपालपुर के सरकारी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य सपना भदौरिया का तबादला विभाग ने देपालपुर से देवास कर दिया है। यह तबादला आयुक्त के आदेश पर हुआ। प्राचार्य भदौरिया का विवाद एक सर्टिफिकेट को लेकर एक छात्र से हुआ था। प्राचार्य पर आरोप है कि छात्र ने जब इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की तो प्राचार्य ने सीएम को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी वायरल हो गई और मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता भी स्कूल परिसर में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। मामला भोपाल तक पहुंचा और प्राचार्य के तबादले के आदेश जारी हो गए।
जब स्कूली विद्यार्थियों को तबादले की बात पता चली तो उन्होंने पटाखों का इंतजाम किया और स्कूल में फोड़कर अपनी खुशियां जताईं। बाद में कुछ छात्र मिठाई खरीदकर लाए और उसे भी तबादले की खुशी के मौके पर बांटी। इस पूरे मामले में प्राचार्य की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। छात्रों का कहना है कि प्राचार्य की कार्यशैली से वे परेशान थे। उनका तबादला होने से सभी विद्यार्थी खुश हैं।