इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। 60 फीट रोड स्थित दीपक ट्रेडर्स नामक दुकान में रखा सिलेंडर अचानक फट गया। इस धमाके में तीन लोग घायल हो गए। विस्फोट इतना तेज था कि दुकान का बोर्ड फट गया और सामान उड़कर बाहर आ गया।
गैस रिफिलिंग की आशंका, फोरेंसिक टीम पहुंची
घटना विनोद माखीजा के दो मंजिला मकान में हुई। इसी भवन में बंटी कसेरा किराए से बर्तन की दुकान चलाता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा गैस रिफिलिंग के दौरान हुआ, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मौके पर फोरेंसिक टीम और पुलिस पहुंची। दुकान से चार-पांच सिलेंडर जब्त किए गए हैं। फिलहाल दुकान को सील कर दिया गया है और जांच जारी है।
विज्ञापन
एडिशनल डीसीपी ने दी जानकारी
एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि हादसे में दीपक माखीजा, रोहित और सुनील घायल हुए हैं। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पड़ोसी ने दी सूचना
दुकानदार जितेंद्र कसेरा ने बताया कि उन्हें फोन पर पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने सूचना दी कि दुकान के पास गैस की टंकी फट गई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ब्लास्ट माखीजा के घर में हुआ था। इस धमाके से उनकी दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा वॉशर निकालते समय हुआ हादसा
आसपास के लोगों ने बताया कि हादसा गैस रिफिलिंग के कारण नहीं बल्कि वॉशर निकालते समय हुआ। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
धमाका इतना जोरदार था कि कान बंद हो गए
घायल रोहित ने बताया कि वह दुकान में बर्तन जमा रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और वह बाहर जा गिरा। वहीं, 16 वर्षीय सुनील पाल ने कहा कि वह साफ-सफाई कर रहा था, तभी धमाका हुआ और उसके कान सुन्न हो गए। सुनील रिक्शा चालक का इकलौता बेटा है।