इंदौर के पास मानपुर में रहने वाले एक युवक ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। मरने से पहले उसने पत्नी के नाम एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराया। एमवाय चौकी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आनंद (22) पुत्र मुकेश परमार, निवासी खेड़ी सिहोद, मानपुर ने बुधवार को जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां रात में उसकी मौत हो गई। आनंद बजरंग दल से जुड़ा हुआ था और साथ ही एक रेस्टोरेंट भी चलाता था। मृतक के पिता ने बताया कि छह महीने पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन पत्नी शिवानी शादी के बाद से घर नहीं आ रही थी।
मेरी मौत का कारण केवल तुम्हारे घर वाले ही हैं
सुसाइड नोट में आनंद ने अपनी पत्नी शिवानी के नाम लिखा कि "डियर शिवानी माय वाइफ, हमें साथ रहते हुए तीन साल हो गए हैं, लेकिन अब तुम अपने घर वालों के कारण मुझे छोड़ रही हो। इसलिए अब मैं मर रहा हूं, ताकि तुम्हारे घर वाले भी खुश हो जाएं। मेरी मौत का कारण केवल तुम्हारे घर वाले ही हैं। मैंने तुमसे कितना प्यार किया, यह तुम आज तक नहीं समझ पाई। अगर तुम्हें ऐसा करना ही था, तो मुझसे शादी नहीं करनी थी। मैंने तुम्हारे घरवालों को भी मनाने की पूरी कोशिश की थी। याद रखना, मेरे जैसा प्यार करने वाला और मेरे जैसा लड़का तुम्हें कभी नहीं मिलेगा। तुमने प्यार करने से पहले ये सब नहीं सोचा। शिवानी, विश्वासघात ठीक नहीं है। अब जब मैं जान दे रहा हूं, तो तुम्हारी खुशी के लिए ऐसा कर रहा हूं, खुश रहना।”
घर पर कब्जा हुआ तो जहर खाया
एक अन्य मामले में इंदौर के बिचौली मर्दाना इलाके में रहने वाले राकेश पुत्र भोलाराम नरवले निवासी सत्यदेव नगर ने जहर खा लिया। उसकी हालत गंभीर है और एमवाय अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। राकेश ने कलेक्टर और इंदौर पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी कि कपिल और उसकी पत्नी पूजा ने उसके मकान पर कब्जा कर लिया है। उसने जहर खाने से पहले एक नोट लिखा, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए कपिल और उसकी पत्नी पूजा को जिम्मेदार बताया है। उसने अपनी पत्नी ललिता और बेटी से माफी मांगते हुए लिखा कि कपिल ने उसके मकान और ऑफिस पर कब्जा कर लिया और उसके साथ मारपीट भी की। कनाडिया पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।