शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 520 ग्राम चरस जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपए आंकी गई है। पकड़ा गया आरोपी दीपक कुशवाह (26) इंदौर के विजय नगर का रहने वाला है और उस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से निपानिया रोड स्थित चित्रगुप्त चौराहे पर एक संदिग्ध युवक द्वारा ड्रग्स की डिलीवरी देने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने दबिश देकर आरोपी दीपक कुशवाह को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से उच्च क्वालिटी की चरस बरामद हुई।
यह भी पढ़ें...
Indore News: 'शूर्पणखा' दहन पर मचा बवाल, सोनम रघुवंशी के समर्थन में आया भाई, बोला- 'यह मानसिक उत्पीड़न है'
मुंबई में साथी पकड़े गए तो इंदौर में बना रहा था बाजार
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश और बिहार से सस्ते दामों पर चरस खरीदकर इंदौर लाता था और यहां युवाओं और अन्य ग्राहकों को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाता था। उसने यह भी कबूल किया कि उसके नेटवर्क के कुछ साथी हाल ही में मुंबई में ड्रग्स सप्लाई के दौरान पकड़े जा चुके हैं, जिसके बाद वह इंदौर में अपनी सप्लाई बढ़ाने की फिराक में था।
नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य उसके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना है। पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि उसका नेटवर्क किन-किन राज्यों में फैला है और इंदौर में वह किसे-किसे चरस सप्लाई करता था।