वर्ष 2021 के चर्चित 70 किलो एमडी ड्रग्स (कीमत 70 करोड़ रुपए) मामले में 5 साल से फरार चल रहे महाराष्ट्र निवासी आरोपी अकरम खान को इंदौर क्राइम ब्रांच ने कोर्ट परिसर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर महाराष्ट्र में मकोका सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को ड्रग्स तस्करी के एक बड़े और पुराने मामले में सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2021 के चर्चित 70 किलोग्राम एमडी ड्रग्स मामले में लंबे समय से फरार चल रहे महाराष्ट्र निवासी आरोपी अकरम खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी की तलाश में काफी समय से जुटी हुई थी। शनिवार को पुलिस द्वारा इस पूरी कार्रवाई और गिरफ्तारी का अधिकारिक खुलासा किया गया।
विज्ञापन
एमडी ड्रग्स मामले में बड़ी सफलता
वर्ष 2021 के बहुचर्चित 70 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी ड्रग्स) सौदे की मुख्य कड़ी और 13 लाख 3 हजार 650 रुपए नकद बरामदगी से जुड़े मामले में पुलिस को अकरम पिता असलम खान निवासी महाराष्ट्र की लंबे समय से तलाश थी। पकड़े गए आरोपी अकरम का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ महाराष्ट्र में भी कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह पेशवर रूप से स्क्रैप यानी कबाड़ का कारोबार करता है।
वर्ष 2021 में पकड़ाई थी ड्रग्स
मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि 6 जनवरी 2021 को क्राइम ब्रांच की टीम ने एमडी ड्रग्स की डील के दौरान आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा था। उस दौरान हुई बड़ी पुलिस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 70 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त किया गया था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 करोड़ रुपए आंकी गई थी। इसके साथ ही मौके से 13 लाख 3 हजार 650 रुपए नकद राशि भी बरामद की गई थी। मामले में विस्तृत विवेचना के बाद अन्य कानूनी धाराओं का भी इजाफा किया गया था।
विज्ञापन
कोर्ट परिसर से घेराबंदी कर गिरफ्तारी
क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। इस बीच मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की और आरोपी अकरम खान को कोर्ट परिसर के पास से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्रग्स रैकेट में उसकी क्या मुख्य भूमिका थी, साथ ही सप्लाई नेटवर्क, मुख्य सप्लायर, पैसों के लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में महाराष्ट्र के मुंबई नाका थाने में डकैती और मकोका जैसे सख्त कानूनों के तहत मामले दर्ज हैं।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान
क्राइम ब्रांच द्वारा नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 1 जनवरी 2026 से लेकर अब तक एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कुल 62 आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 129 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इन तमाम कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने 2.95 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 28.33 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 268.58 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित कुल 3 करोड़ 57 लाख रुपए से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और परिवहन में इस्तेमाल वाहन जब्त किए हैं।