Indore News: इंदौर के खुड़ैल इलाके में सड़क हादसे में कंस्ट्रक्शन व्यापारी की मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ हनुमान मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां हनुमान मंदिर से दर्शन कर लौट रहे दो दोस्तों की बाइक को एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक कंस्ट्रक्शन व्यापारी की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, क्योंकि महज एक महीने पहले ही उनके छोटे भाई का भी निधन हुआ था।
हादसा जामनिया रिसोर्ट के पास हुआ
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना देवगुराड़िया स्थित जामनिया रिसोर्ट के पास हुई। सांईबाबा नगर निवासी जितेंद्र राजदेव वर्मा (36) और शांतिनाथपुरी निवासी उनके दोस्त रोहित वर्मा बाइक पर सवार होकर इंदौर शहर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। वहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात जितेंद्र वर्मा को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि रोहित का उपचार अभी जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जितेंद्र वर्मा कंस्ट्रक्शन के व्यवसाय से जुड़े हुए थे। उनके परिवार में पत्नी और एक 7 साल का बेटा है, जबकि उनके माता-पिता बिहार में रहते हैं। यह परिवार के लिए दोहरी त्रासदी है क्योंकि एक महीने पहले ही जितेंद्र के छोटे भाई, जो सेना में थे, का बीमारी के कारण दिल्ली के सैनिक अस्पताल में निधन हो गया था। तीन भाइयों में जितेंद्र सबसे बड़े थे और अब उनके निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।