इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य प्रशासन के लिए लगातार परेशानियां खड़ी कर रहा है। बीएलओ को आ रही परेशानियों और कार्य की धीमी गति के कारण आज कलेक्टर शिवम वर्मा ने खुद मोर्चा संभाला और कई क्षेत्रों में कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से कार्य में आ रही परेशानियों के बारे में भी पूछा।
यह भी पढ़ें...Indore News: यात्री ध्यान दें! 22 नवंबर से बदल रहा 3 ट्रेनों का टाइम, 40 दिन तक झांसी नहीं जाएगी बरेली-इंदौर
कलेक्टर ने कहा अंतिम सूची में कोई त्रुटि नहीं होना चाहिए
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा ने आज विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 204 इंदौर-1 क्षेत्र से संबंधित कार्य का एम.बी. खालसा कॉलेज में जाकर औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर वर्मा ने कलेक्टर कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा ने बी.एल.ओ. एवं सुपरवाइजर से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को मौके पर ही निर्देश देते हुए कहा कि पुनरीक्षण कार्य में आने वाली प्रत्येक समस्या का तत्काल एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर वर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों अनिवार्य हैं, ताकि अंतिम प्रकाशन शुद्ध और त्रुटिरहित हो सके। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंवार नवजीवन विजय, अपर आयुक्त नरेन्द्रनाथ पाण्डे, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. निधि वर्मा एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नारायण नांदेडा, जोनल अधिकारी शितोले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पुरानी लिस्ट और पते तलाशने में छूट रहे पसीने
रहवासियों को पुरानी लिस्ट में पते और जानकारी तलाशने में परेशानी आ रही है। अभी दिए जा रहे फार्म में पिछले एसआईआर यानी साल 2003 की मतदाता जानकारी भी भरना है। बहुत से लोग पहले दूसरे क्षेत्रों में रहते थे और अब वे नए क्षेत्रों में आ गए हैं। उनके पास पुराने वोर आईडी नहीं हैं और पुराने क्षेत्रों की जानकारी तलाशने में उन्हें खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीएलओ भी हो रहे परेशान
शहर में सर्वे कर रहे बीएलओ को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं पर लोग फार्म भरकर नहीं दे रहे हैं तो कहीं पर फार्म में लिखे पते पर रहवासी ही नहीं मौजूद हैं।
पुराने निवासी SIR 2003 की मतदाता सूची में नाम इस तरह तलाशें
1- साइट voters.eci.gov.in पर क्लिक करें। उसपर ECI Net औऱ नीचे FORMS आएगा। स्क्रोल करें।
2- नीचे SERVICES आएगा। इसके ठीक नीचे दो बाक्स दिखेंगे। दूसरा हल्के नीले रंग का बाक्स, जिसमे- search your name in last SIR लिखा है, क्लिक करें।
3- State दिखेगा- मध्यप्रदेश ऑप्शन चुनें। नीचे District दिखेगा सही ऑप्शन चुनें। नीचे assembly constituency दिखेगी सही ऑप्शन चुनें।
4- नीचे Polling station no. and name आएगा और VIEW लिखा होगा। VIEW क्लिक करें। इसमें उस विधानसभा के सारे मतदान केंद्रों के नाम आएंगे, अपना मतदान केंद्र चुनें। आपको आपका मतदान केंद्र याद होना चाहिए, उसे क्लिक करें, वोटर का pdf आ जाएगा, अपना नाम ढूंढ लें। सभी स्थानों के लिए भी यही प्रक्रिया अपनाई जा सकती है, बस जिले और विधानसभा सही लिखें।