इंदौर में मंगलवार को भी ठंड ने खूब सितम ढाया। सोमवार को गिरा तापमान मंगलवार को और भी गिर गया और दिन का पारा 22.1 पर आ गया। सोमवार को दिन का पारा 22.9 दर्ज किया गया था। वहीं रात का पारा 8.7 पर ही स्थिर रहा। ठंडी हवाओं ने दिनभर लोगों को कंपकंपाया। मंगलवार को अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। यह इस सीजन का सबसे ठंडा दिन और रात साबित हुआ।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण यह ठंड बढ़ी
मौसम वैज्ञानिक अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अगर दिन का तापमान औसत से 4.5 डिग्री कम रिकॉर्ड होता है, तो कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 260 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली जेट स्ट्रीम हवाओं और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण यह ठंड बढ़ी है। मौसम विभाग ने पहले ही एक-दो दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना जताई थी, लेकिन सोमवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदल गया। ठंडी हवाओं के कारण लोगों ने ऊनी कपड़ों के साथ टोपी और हेलमेट का उपयोग शुरू कर दिया है।